सिरसा। तीन दिन पहले गोशाला मोहल्ला में किराना की दुकान में हुई लूटपाट व तोड़फोड़ के मामले में शहर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सुनील निवासी गोशाला मोहल्ला तथा प्रहलाद निवासी गांव शेखूपुरिया के रूप में हुई है। अब पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश करने में जुटी हुई है।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो कापे तथा कुछ नकदी बरामद की है। आरोपियों से पूछताछ कर अन्य साथियों की पहचान कर ली गई है। बता दें कि 7 अक्तूबर की रात्रि को कुछ युवकों ने उक्त किराना की दुकान के पास खड़ी बाइक व कार में तोड़फोड़ की। इसके साथ ही दुकान में घुसकर 800 की राशि लूटी थी। दुकान संचालक सोनू निवासी गोशाला मोहल्ला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शहर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।