सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में एलएलबी अंतिम वर्ष की छात्रा को एक युवक ने दोस्ती करने के लिए कैंपस में प्रपोज किया। छात्रा ने जब दोस्ती से इनकार कर दिया तो युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दे दी। छात्रा ने 112 नंबर पर फोन कर पीसीआर बुला ली और पुलिस को लिखित में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। वहीं विवि प्रशासन का कहना है कि अभी तक छात्रा की ओर से कोई लिखित में शिकायत नहीं आई है।
युवती ने बताया कि वह विवि में कानूनी की पढ़ाई करती है। युवक उसकी एक सहेली का मित्र है। मंगलवार को युवक मिलने के लिए विश्वविद्यालय में आया। उसने उसका रास्ता रोका और दोस्ती के लिए प्रपोज किया। जब उसने इनकार तो युवक धमकी देते कहा कि दोस्ती नहीं की तो जान से मार दूंगा। इसी दौरान गश्त करते हुए विवि की सिक्योरिटी इंचार्ज हिम्मत सिंह मौके पर पहुंच गए। सिक्योरिटी इंचार्ज ने छात्रा से बातचीत की और डायल 112 पर सूचित किया। छात्रा ने इस मामले में पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है।