संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। डबवाली रोड पर स्थित गोल्डन पैलेस के पास शटरिंग के सामान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे ट्रक चालक अपना संतुलन खो बैठा और पेड़ से जा टकराया। हादसे में ट्रक में सवार 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान नवजोत सिंह निवासी गांव हजरावां, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है।
हादसे में ट्रक चालक रिछपाल सिंह निवासी गांव हजरावां, ट्रैक्टर चालक विपिन निवासी गांव जलालआना और शंभू यादव व पिंटू निवासी बिहार घायल हो गए। घायलों को तुंरत आसपास के लोगों ने कालांवाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। यहां पर उनका उपचार चल रहा है।
मंगलवार को दाेपहर करीब तीन बजे शटरिंग के सामान से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली कालांवाली से डबवाली की तरफ जा रही थी। कालांवाली से शराब ठेके के दो कारिंदे ट्राॅली में चढ़े थे। ट्रैक्टर-ट्राॅली जब गोल्डन पैलेस के सामने स्थित ठेके पर करिंदों को उतारने के लिए रुकी, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक में परिचालक सीट पर बैठे 13 वर्षीय नवजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक रिछपाल सिंह को मामूली चोट आई। इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक व दो कारिंदे घायल हो गए।
जिद करके पिता के साथ आया था नवजोत सिंह
गुरजीत सिंह ने बताया कि उसका भान्जा नवजोत सिंह अभी पढ़ाई कर रहा था। वह अपने पिता के साथ जिद करके पहली बार ट्रक पर साथ आया था। उन्होंने बताया कि नवजोत सिंह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसके एक बड़ी बहन है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- रामफल थाना प्रभारी कालांवाली।
कालांवाली में पेड़ से टकराया ट्रक। संवाद