भगवान का शुक्र है कि शनिवार तड़के घनी धुंध में डबवाली से दिल्ली के लिए रवाना हुई रोडवेज की बस सिरसा सही सलामत पहुंची। बस का चालक शराब के नशे में टल्ली होकर बस चला रहा था ऐसे में बस में सवार सैकड़ों सवारियों की जान खतरे में थी। सिरसा अड्डे पर बस रुकी तो सवारियों ने चालक को नशे में धुत देखा। यह देख यात्री हैरान रह गए और भगवान का शुक्रिया करने लगे कि रास्ते में कोई हादसा नहीं हुआ। ड्यूटी टाइम में शराब पीने वाले चालक गुलाब सिंह को रोडवेज जीएम ने सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के अनुसार रोडवेज के चालक गुलाब सिंह व परिचालक सुरेंद्र कुमार की डबवाली से दिल्ली जाने वाली बस में ड्यूटी लगी थी। बस शनिवार तडक़े चार 4:50 बजे डबवाली से रवाना हुई। चालक गुलाब सिंह ने शराब पी रखी थी। इस समय धुंध इतनी घनी थी कि दस मीटर भी दिखाई नहीं दे रहा था। बस ढाई घंटे बाद 7:20 बजे सिरसा बस अड्डे पर पहुंची। चालक गुलाब सिंह बस से नीचे उतरा तो कई सवारियों को उसकी चाल अजीब लगी। सिरसा की सवारियां बस से उतर गई। चालक गुलाब बस को लेकर हिसार दिल्ली की तरफ जाना था लेकिन वह बस लेकर वर्कशॉप में चला गया। पीछे से दिल्ली और हिसार जाने वाली सवारियां बस का इंतजार करती रही।
परेशान होकर सवारियां वर्कशॉप में पहुंची तो चालक गुलाब अपने कुछ दोस्तों के साथ बस में शराब के जाम छलकाता हुआ मिला। सवारियों में शामिल कॉलेज में पढने वाले छात्र अमित और रोहित चालक को उसकी ड्यूटी याद दिलाई वो चालक गुलाब उलटा सवारियों से उलझ पड़ा। शोर शराबा होने पर सवारियों चालक को पकड़कर पुलिस चौकी ले आई। रोडवेज के जीएम राजकुमार ने तुरंत प्रभाव से चालक गुलाब को सस्पेंड कर दिया। सवारियों को दिल्ली जाने वाली दूसरी बस में भेजा गया। पुलिस ने कॉलेज में पढने वाले छात्र रोहित की शिकायत पर आरोपी चालक का मेडिकल करवाकर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।