5 किलोमीटर के सफर का चुकाना पड़ा 95 रुपये टोल
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। फास्टैग व एनएचएआई की तकनीकी खामियों के चलते घर खड़ीं गाड़ियों के टोल कटने के मामले तो पहले भी सामने आए थे। इस बार पीड़ित की गाड़ी डबवाली गांव में थी और टोल हिसार जिले के आदमपुर के पास स्थित लांधडी 128 किलोमीटर दूर टोल प्लाजा पर कट गया।
गांव डबवाली निवासी सतपाल सिंह ने बताया कि वह रविवार सुबह अपने भाई सुरेंद्र सिंह के साथ किसी निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव से डबवाली शहर गए थे। आधे घंटे बाद घर भी लौट गए लेकिन शाम 5:32 बजे उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि लांधडी टोल प्लाजा पर उनके 95 रुपये कट गए हैं। वह लांधडी टोल पर गए ही नहीं। महज पांच किलोमीटर दूर डबवाली ही गए थे।
पीड़ित सतपाल सिंह के भाई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने पहली बार लांधडी टोल का नाम सुना है। गाड़ी पिछले एक सप्ताह से कहीं बाहर नहीं गई और डबवाली से लांधडी की दूरी लगभग 128 किलोमीटर है। हैरानी की बात यह है कि जब गाड़ी उस दिशा में गई ही नहीं तो टोल कैसे कट गया।
पीड़ित परिवार ने रोष जताते हुए कहा कि पहले भी चौटाला टोल प्लाजा पर बिना गए टोल कटने की शिकायतें आ चुकी हैं लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस डिजिटल लूट पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कि इस संबंध में एनएचआई विभाग से जांच करवाने की मांग करेंगे ताकि यह फर्जीवाड़ा बंद हो।