फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: कार तेज चलाने पर टोका तो तीन बार कुचला, फिर धारदार हथियारों से वार कर हत्या

विज्ञापन
कंगनपुर में खड़ी मिली वारदात में प्रयुक्त कार।
विज्ञापन
फोटो 21 से 24
विज्ञापन

- गांव खाजाखेड़ा में रविवार रात की घटना, हमलावर मृतक युवक के पड़ोसी की हत्या करने आए थे
- पांच नामजदों सहित 9 आरोपियों पर प्राथमिकी, चार को पुलिस ने हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव खाजा खेड़ा में रविवार रात सागर नामक युवक से बदला लेने आए हमलावरों ने कार तेज चलाने से टोकने पर पड़ोसी युवक सोनू को कार से तीन बार कुचला और बाद में धारदार हथियार से वारकर हत्या कर डाली। युवक की मां व भाई को चोटें लगी हैं। पुलिस ने 5 नामजदों सहित 9 आरोपियों के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें से चार को सीआईए सिरसा ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।
सदर थाना पुलिस के मुताबिक खाजा खेड़ा निवासी सागर (20) ने बताया कि वह सैलून चलाता है। करीब एक साल पहले सिरसा में एक शादी समारोह में काम के दौरान जसविंदर जस्सू उर्फ बठल निवासी गुरु तेग बहादुर कॉलोनी, सिरसा ने उससे नैपकिन मांगा था। उसने देने से मना किया तो झगड़ा किया। तभी से जसविंदर उससे रंजिश रखने लगा और कई बार जान से मारने की धमकी दी। रविवार रात वह अपने साथियों के साथ उसकी हत्या करने पहुंचा था। वह तो बच गया लेकिन बेकसूर सोनू की जान ले ली।
विज्ञापन

हमलावर बोले आज तो बच गया....आगे नहीं बचेगा
सागर ने बताया कि रविवार रात करीब 8.30 बजे वह सरकारी स्कूल के पास किरयाने की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान थेड़ मोहल्ला निवासी योगेश, रानियां चुंगी निवासी अजय व बाजीगर मोहल्ला सिरसा निवासी प्रिंस बाइक पर आए। तीनों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। वह किसी तरह जान बचकर भाग गया। वहां इकट्ठा हुई भीड़ ने प्रिंस को पकड़ लिया। योगेश व अजय बाइक लेकर भाग गए। रात करीब 10 बजे वह अपने नाना सूबा सिंह के साथ घर के बाहर खड़ा था। पड़ोसी सोनू (33) भी अपनी मां मूर्ति देवी, पिता पतराम व भाई बलबीर के साथ वहां खड़ा था। इसी दौरान कार में सूरज निवासी पीर बस्ती, जसविंदर जस्सू उर्फ बठल व एक अन्य युवक वहां आया। जसविंदर ने जान से मारने की नीयत से उसकी तरफ तेज गति से कार दौड़ाई। सोनू ने चालक को गाड़ी धीरे चलाने को कहा तो उन्होंने उस पर ही कार चढ़ा दी। उसकी मां व भाई को भी चोटें आईं।

तीन बार कार से कुचला
सागर ने बताया कि जसविंदर ने सोनू को तीन बार कार से कुचला। मौके पर जुटी भीड़ ने कार रुकवाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि आज तो बच गया है अगली बार नहीं बचेगा। हमलावरों के भागने के दौरान कार का बंफर टूट कर वहीं गिर गया।
अस्पताल ले जाने के दौरान किया हथियारों से हमला
वारदात के बाद चचेरा भाई अजय व एक अन्य युवक सोनू को घायलावस्था में बाइक पर बैठाकर नागरिक अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में हमलावरों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। अजय ने बताया कि करीब साढे़ 10 बजे अस्पताल रोड पर काली माता के मंदिर के पास पहुंचे तो बाइक सवार तीन युवकों ने पीछा कर अस्पताल नहीं पहुंचने दिया। वह बाइक को चतरगढ़पट्टी की ओर ले गया तो हमलावर वहींं पहुंच गए। यह देख वे बाइक छोड़कर भाग गए। हमलावरों ने सोनू पर धारदार हथियारों से कई वार किए। सूचना पर नंबरदार बलवंत सब्जी मंडी चौकी पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। सोनू को नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एसआई शिवप्रश्न ने बताया कि सागर के बयान पर सूरज, जसविंदर, योगेश, अजय व प्रिंस सहित चार अन्य के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कंगनपुर में कार छोड़कर भाग गए जिसे पुलिस ने सोमवार को बरामद कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें दबिश दे रही हैं।

मां बोलीं- खून से लथपथ तड़पता रहा बेटा
मूर्ति देवी ने बताया कि सोनू आरे पर काम करता था। उसकी पत्नी चार दिन पहले उसे छोड़कर चली गई थी। रात को घर के आगे कुछ युवक तेज रफ्तार से कार चलाने लगे। सोनू ने कहा कि कार धीरे चला लिया करो। इससे तैश में आए चालक ने उसे तीन बार कार से कुचल दिया। वह खून से लथपथ हालत में मेरी आंखों के सामने तड़पता रहा।
विज्ञापन

जसविंदर पर दर्ज हैं कई केस, गांधी नाम से बना रखा व्हाट्सएप ग्रुप

नंबरदार बलवंत ने बताया कि जसविंदर पर पहले से कई आपराधिक केस दर्ज हैं। कुछ माह पहले ही वह बालिग हुआ है। नाबालिग होने के कारण जल्दी ही जेल से बाहर आ जाता था। वह बड़ा गैंगस्टर बनना चाहता है। उसने व्हाट्सएप पर गांधी नाम से ग्रुप बना रखा है। इसमें 100 से ज्यादा युवा जुडे़ हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें