ऐलनाबाद से रुणेचा धाम के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक जीप की सामने से आ रहे ट्रक-ट्राले से हुई जबरदस्त भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ वर्षीय बच्ची सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिरसा, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के अलग-अलग अस्पतालों में दािखल करवाया गया है। इनमें 50 वर्षीय लक्ष्मी देवी की हालत गंभीर बनी हुई है।
ऐलनाबाद के व्यवसायी पवन चाचाण हर माह श्रद्धालुओं को लेकर धार्मिक यात्रा पर जाते हैं। शनिवार रात्रि साढ़े आठ बजे वे ऐलनाबाद से एक बस और निजी जीप में श्रद्धालुओं को लेकर राजस्थान के रुणेचा धाम के लिए रवाना हुए।
शनिवार रात्रि करीब 11 बजे जैसे ही उनकी जीप व बस राजस्थान के रावतसर से छह किलोमीटर आगे पहुंची, सामने से तेज गति से आ रहे एक ट्रक-ट्राला ने पहले बस को साइड से टक्कर मारी, उसके बाद पीछे आ रही जीप से भिड़ गया। बस में सवार श्रद्धालुओं को तो कोई चोट नहीं आई, लेकिन जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में जीप चालक ऐलनाबाद के गांव प्रतापनगर निवासी 30 वर्षीय प्रेम कुमार पुत्र बनवारी लाल व रावतसर के दो अन्य श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जीप में सवार 45 वर्षीय आशा देवी पत्नी पवन चाचाण, 22 वर्षीय हेमंत कुमार पुत्र पवन चाचाण, 18 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र पवन चाचाण, डेढ़ वर्षीय बच्ची सिद्धि विनायक, 50 वर्षीय लक्ष्मी देवी और 25 वर्षीय मोहित घायल हो गए।
घायलों को बस सवार श्रद्धालुओं ने राहगीरों की मदद से जीप से बाहर निकाला और रावतसर स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जीप चालक प्रेम कुमार व रावतसर निवासी दो अन्य श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों को सिरसा, हनुमानगढ़ व श्री गंगानगर में उपचार हेतु रेफर कर दिया।
50 वर्षीय लक्ष्मी देवी जो इस समय गंगानगर में उपचाराधीन है, की हालत गंभीर बनी हुई है। जीप चालक प्रेम कुमार के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रेम कुमार का ऐलनाबाद के प्रतापनगर में रविवार दोपहर अंतिम संस्कार किया गया। प्रेम कुमार दो बच्चों का पिता था।
राजस्थान के रावतसर पुलिस थाना अंतर्गत हुई इस सड़क दुर्घटना के बाद रावतसर थाना प्रभारी अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और जीप मलबे व ट्रक-ट्राले को अपने कब्जे में लेकर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
ओवरटेकिंग के चक्कर में हुई दुर्घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दुर्घटना ओवरटेकिंग के चक्कर में हुई। एक एसयूवी को ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रक-ट्राला पहले श्रद्धालुओं से भरी बस से भिड़ गया, लेकिन बस चालक की सजगता से बस व उसमें सवार श्रद्धालुओं को तो कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन बस के ठीक पीछे आ रही जीप के चालक प्रेमकुमार के पास इतना समय भी नहीं बचा कि वह कुछ कर पाता और ट्रक सीधा जीप में जा टकराया।
हर माह जाती है धार्मिक यात्रा पर बस
व्यवसायी पवन चाचाण ने शहर के अन्य कुछ श्रद्धालुओं के सहयोग से बाबा रामदेव भंडारा सेवा समिति का गठन कर रखा है और हर माह इसी समिति के बैनर तले श्रद्धालुओं से भरी बस को लेकर वे धार्मिक यात्राओं पर जाते हैं। शनिवार रात्रि हुई इस दुर्घटना के बाद पूरे शहर में शोक की लहर है।