सिरसा। सर्दी में शहर और गांवों में फेरी लगाकर सामान बेचने वाले कश्मीर के लोगों के तीन लाख रुपये व ड्राई फ्रूट दो युवक चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता इरशाद अहमद निवासी बांडी जालन तहसील हाजीपुर कश्मीर ने बताया कि वह और उसके अन्य साथी 29 नवंबर से डबवाली के वार्ड नंबर 15 में स्थित खटीक धर्मशाला में ठहरे हुए हैं। 26 दिसंबर को सुबह वह और उसके अन्य साथी शहर की गलियों और गांव में हर रोज की तरह कपड़े, ड्राई फ्रूट बेचने के लिए निकले थे। इसी दौरान पीछे से दो युवक धर्मशाला में घुसे और उनके कमरों के ताले तोड़कर उनके बैग में पड़े करीब 3 लाख रुपये, 8 किलो अखरोट, 2 किलो बादाम, आधा किलो किशमिश व अन्य सामान चोरी करके फरार हो गए। सीसीटीवी में चोर सुबह 8:55 के बाद आए हुए दिखाई देते हैं। 20 मिनट में ही उन्होंने पूरी वारदात को अंजाम दे दिया।
इरशाद ने बताया कि वेे ड्राई फ्रूट व कपड़ा कश्मीर से लाते हैं। कुछ कपड़ा लुधियाना से लाते हैं। धर्मशाला में वे 9 लोग हैं, जो इकट्ठे रहते हैं। सारे पैसे इकट्ठे कर एक आदमी सारा सामान लाता है। शुक्रवार को उसने लुधियाना जाकर कपड़े लेकर आने थे, लेकिन उससे पहले ही चोरों ने उसके पैसे चोरी कर लिए।