डबवाली। शहर के चौटाला रोड स्थित एक वित्तीय कंपनी में कार्यरत तीन फील्ड अधिकारियों नेे कंपनी व लोनधारकों के 14 लाख 37 हजार 631 रुपये का गबन कर दिया। तीन अधिकारियों ने किस्त की राशि एकत्रित कर कंपनी में जमा नहीं करवाई। इसके अलावा महिलाओं के नाम पर नए लोन अप्रूव करवाकर राशि निकाल ली।
पुलिस को दी शिकायत में कंपनी के ब्रांच मैनेजर व महिवाल रतिया निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड ब्रांच डबवाली में कार्यरत हैं। उनकी कंपनी इंडसइंड बैंक लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। उनकी कंपनी में मोहर सिंह निवासी मिरजावाली जिला हनुमानगढ़, रमनदीप सिंह निवासी पंगाला, तहसील अबोहर, जिला फाजिल्का व कुलदीप सिंह निवासी डबवाली कलां तहसील, फाजिल्का बतौर फील्ड ऑफिसर कार्यरत थे। तीनों बैंक में महिलाओं को लोन देने व उनकी किस्तों का कलेक्शन करते थे। आरोप है कि उक्त तीनों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महिलाओं को बड़ा लोन सेक्शन करने का झांसा देकर एक साथ पैसे ले लिए और ब्रांच में जमा नहीं करवाए। आरोपी मोहर सिंह ने मेंबरों को बिना बताए नया लोन पास कर दिया। इसके बाद लोन चेक करने का बहाना करके मैंबर्स के बायोमेट्रिक अंगूठा लगाकर आधार कार्ड पर पैसे निकाल लिए और अपने पास रख लिए।
मैंबर्स के किस्त जमा न करवाने पर पता चला मामला
शिकायत में बताया कि जब मैंबर्स ने किस्त जमा नहीं करवाई तो पूछताछ की गई। इसमें पता चला कि उन्होंने लोन की किस्त तीनों फील्ड अधिकारियों को वापस कर दी है। कुछ मैंबर्स ने बताया कि उन्हें तो लोन के पैसे मिले भी नहीं हैं। इसके बाद कंपनी के ऑडिट विभाग ने फील्ड वेरिफिकेशन किया तो उक्त तीनों के द्वारा की गई ठगी और गबन का पता चला।
ऑडिट विभाग के अनुसार आरोपियों ने कंपनी की लगभग 14 लाख 37 हजार 631 रुपये का गबन किया है। मोहर सिंह ने 13,83,304 रुपये, रमनदीप सिंह ने 53927 रुपये तथा कुलदीप सिंह ने 400 रुपये गबन किया है। ब्रांच मैनेजर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उक्त तीनों गरीब महिलाओं का समूह बनाकर कंपनी से लोन अप्रूव करवाना व लोन की साप्ताहिक किस्तें इकट्ठा करते थे। इन्होंने लोन धारक बबली पत्नी राजू कुमार निवासी भाटी कॉलोनी डबवाली से एकमुश्त किस्त 38750 रुपये फील्ड ऑफिसर मोहर सिंह को जमा करवाए। इसके अलावा लोनधारक वीरपाल कौर, सुनीता रानी, बिंद्रकौर, सुखविंद्र कौर, रिम्पी कौर, सुमन, सीता आदि गरीब महिलाओं के लोन चेक करने के बहाने बैंक खाता से राशि निकाल ली।ब्रांच मैनेजर गुरप्रीत सिंह की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-राजाराम, थाना प्रभारी, शहर थाना, डबवाली।