रानियां (सिरसा)। प्रदेश के बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने वीरवार को रानियां के राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अधिकारियों की बैठक ली और हलका से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से हलका में चल रहे व होने वाले विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
बिजली मंत्री ने कहा कि अनाज मंडियों में खरीद कार्य सुचारु रूप से चले, ताकि किसानों को परेशानी न हो। इसके अलावा उठान कार्य में भी तेजी लाई जाए। उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने बिजली मंत्री को विश्वास दिलाया कि उनकी प्रशासनिक टीम समस्याओं के समाधान में पूरी ईमानदारी से ड्यूटी का निर्वहन करेंगे। बैठक में डीएमसी डॉ. किरण सिंह, एसडीएम ऐलनाबाद डॉ. वेद प्रकाश, तहसीलदार शुभम, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम राजेंद्र सभ्रवाल, डीडीपीओ राजेश कुमार, कार्यकारी अभियंता जीत राम, कार्यकारी अभियंता पुष्पेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता चिंतन मौजूद रहे।
गांव मम्मडख़ेड़ा में 42.66 लाख रुपये की लागत से बनेगा राजकीय आयुर्वेद औषद्यालय, बिजली मंत्री ने किया शिलान्यास
रानियां। बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने वीरवार को रानियां में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। बिजली मंत्री ने गांव बाहिया में बनने वाली आईपीबी सड़क व गांव मम्मडख़ेड़ा में बनने वाली राजकीय आयुर्वेद औषधालय का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने गांव नकोड़ा में नवनिर्मित आईबीपी गली का लोकार्पण भी किया।
गांव बाहिया में बस स्टैंड से श्रीराम के घर तक बनने वाले गली पर 46.15 लाख रुपये व दमदमा रोड से लेकर दशमेश पब्लिक स्कूल तक बनने वाली गली पर 14.19 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा गांव नकौड़ा में बनने वाली आईपीबी गलियों के निर्माण पर 49.82 लाख रुपये की लागत आई है। साथ ही बिजली मंत्री ने 42.66 लाख रुपये की लागत से गांव मम्मडख़ेड़ा में बनने वाले राजकीय आयुर्वेद औषधालय का भी शिलान्यास किया।
बिजली मंत्री ने कहा कि रानियां-जीवन नगर से डबवाली सड़क पहले 23 फुट चौड़ी थी, अब इसका विस्तार करके इसे 30 फुट किया जाएगा। इसके टेंडर हो चुके हैं और काम भी शुरू हो गया है। पहले रानियां से कुत्ताबढ़ जाने के लिए को सीधा रास्ता नहीं था, अब 14 करोड़ रुपये की लागत से घग्गर पर पुल बनाया जा रहा है, इसका 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। रानियां क्षेत्र में 8 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज हॉल का भी निर्माण करवाया जाएगा, स्थान निर्धारित होने के बाद प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अब रानियां में बारिश के समय में नहीं होगी जलभराव की समस्या
पहले रानियां शहर के मुख्य बाजार में जलभराव की समस्या थी, लेकिन अब बाजार में बिजली को पोल को सही करवाकर सड़कों को खुला किया गया है तथा सड़कों को भी दुरुस्त किया गया है। अब जलभराव की समस्या से पूरी तरह से निजात मिल गई है। हरियाणा सरकार का शिक्षा, स्वास्थ्य व परिवहन सुविधा पर विशेष फोकस है।