साइबर थाना पुलिस की हिरासत में तीनों आरोपी।
सिरसा। साइबर थाना पुलिस ने वीरवार को दो लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में वीर सिंह पुत्र श्रवण सिंह, सौरभ पुत्र मनोज कुमार निवासी लादुना जिला नागौर राजस्थान व लाल चंद पुत्र श्याम सुंदर निवासी डूंगरगढ़, जिला बीकानेर राजस्थान शामिल हैं।
साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी सौरभ को न्यायिक हिरासत में जबकि आरोपी वीर सिंह व लाल चंद को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। उक्त आरोपियों से ठगी की राशि बरामद की जाएगी।
दीपक पुत्र चिरंजी लाल निवासी शांति नगर सिरसा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि कुछ दिन पहले उसके मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि यदि आप शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाना चाहते है तो हम आपको लिंक भेज देंगे। लिंक पर क्लिक कर मांगी गई डिटेल भर देना। जैसे ही आप हमारी कंपनी के लिंक पर क्लिक करेंगे, आप हमारी कंपनी के मेंबर बन जाएंगे।
पीड़ित ने बताया कि अगले दिन मेरे मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से लिंक आया, जैसे ही लिंक को खोलकर बैंक संबंधी व अन्य प्रकार का विवरण भरा तो कंपनी ने उसे ज्वाइन कर लिया। शुरुआत में पीड़ित ने थोड़े रुपये लगाए बदले में उसे चार गुना राशि मिली।
साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि लालच में आकर पीड़ित ने 2 लाख 13 हजार रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद पीड़ित ने अपने रुपये वापस निकालने के लिए कंपनी के लिंक पर क्लिक किया तो लिंक बंद हो गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आठ मार्च को ठगी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की थी।