संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन सिरसा की स्पेशल टीम ने 1.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में तीन और आरोपियों को राजस्थान के बीकानेर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उमांशकर, रामेश्वर व नरेंद्र निवासी बीकानेर के रूप में हुई है। इस मामले में साइबर थाना पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इन आरोपियों में विपिन, रामवीर व जयकरण निवासी फरीदाबाद, चंद्रभान निवासी मौजगढ़ जिला अबोहर पंजाब व जतिन निवासी नोहर राजस्थान शामिल हैं। आरोपियों ने जून व जुलाई 2024 के दौरान सिरसा के शास्त्री नगर कॉलोनी निवासी विशाल, भारत नगर कॉलोनी निवासी राजेंद्र कुमार व गांव रुपाणा खुर्द के युवक दीपक कुमार से शेयर मार्केट में पैसा लगाकर मोटा मुनाफा कमाने के नाम पर एक करोड़ 5 लाख रुपये की ठगी की थी। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर छह अगस्त 2024 को अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।