सिरसा जिले की सीमा पर लगे सीसीटीवी की फुटेज।
सिरसा। महिला थाने के बाहर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के बाद पुलिस ने पंजाब व राजस्थान से लगती जिला की सीमाओं पर स्थापित सभी नाकों पर फेशियल रिकग्निशन वाले हाई रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैंं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि अपराध और अपराधियों पर कारगर अंकुश लगाने के लिए सिरसा पुलिस अब हाई-टेक टेक्नोलॉजी का सहारा ले रही है।
इन कैमरों की ऑनलाइन फुटेज पुलिस मुख्यालय पंचकूला और जिला हेडक्वार्टर सिरसा में बैठे अधिकारी आसानी से देख सकेंगे। ये कैमरे पुलिस की तीसरी आंख का काम करेंगे और अपराधी किसी भी कीमत पर पुलिस की नजरों से बच नहीं पाएंगे। उन्होंने बताया कि ये आधुनिक कैमरे नाइट विजन, हाई-रेजोल्यूशन रिकॉर्डिंग, 360 डिग्री कवरेज और फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी से लैस हैं। पुलिस द्वारा नाकों से गुजरने वाले हर व्यक्ति और वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है। दूसरे राज्यों से आने वाले संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की पहचान में ये सीसीटीवी कैमरे विशेष रूप से उपयोगी साबित होंगे।
अपराधियों को पकड़ने में मिलेगी मदद : एसपी ने बताया कि ये कैमरे लगातार आसपास के क्षेत्र को स्कैन करते रहेंगे, जिससे अपराधियों को पकड़ने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी और आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सकेगा। नशा तस्करी, आतंकी गतिविधियों और अवैध हथियारों की सप्लाई पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने में ये कैमरे अहम भूमिका निभाएंगे।
स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर ने एसआईटी को भेजी गुरजंट की कॉल डिटेल व अन्य जानकारी
महिला थाने के बाहर 25 नवंबर को हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में आरोपी हैंड ग्रेनेड सप्लायर गुरजंट सिंह को एसआईटी शुक्रवार को भी पंजाब लेकर नहीं गई। संभावना है कि शनिवार को उसे निशानदेही के लिए अमृतसर ले जाया जाएगा। इसके अलावा एसआईटी को आरोपी से स्वीफ्ट कार,बाइक व मोबाइल की बरामदगी करनी है। कोर्ट ने आरोपी को 16 दिसंबर तक पुलिस रिमांड में भेजा हुआ है। वहीं, स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर ने आरोपी गुरजंट के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकलवाई है। ये डिटेल एसआईटी सिरसा को भी भेजी गई है। एसआईटी और एसएसओसी संयुक्त रूप से उन लोगों की लोकेशन ट्रेस कर रही है जो गुरजंट सिंह के संपर्क में थे। बता दें कि गुरजंट सिंह ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी व उसके राइट हैंड सोहेल के कहने पर सिरसा के गांव खारिया निवासी धीरज व विकास को अमृतसर में हैंड ग्रेनेड दिया था। डॉन शहजाद भट्टी ने उसे हैंड ग्रेनेड देने के लिए पट्टी तरन तारन निवासी राजबीर को बोला था। राजबीर ने उसे व्हाट्सएप कॉल की थी। उसने कहा कि भट्टी बाई की कॉल आई थी,उसने तुम्हे सामान देने को कहा है। इसके बाद राजबीर ने उसे दो हैंड ग्रेनेड देकर गया। संवाद