संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। वॉल पेंटिंग के जरिये शहरवासियों को स्वच्छता के महत्व को समझाया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद प्रशासन ने 50 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। यह पहल स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत की जा रही है, जिससे शहर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार की उम्मीद है। पेंटिंग होने के बाद अगर किसी दीवार पर पोस्टर चस्पा किया गया, तो उसपर 10 से 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर परिषद ने मुख्य दीवारों पर लगे पोस्टरों और दीवारों की स्थिति को सुधारने के लिए यह टेंडर लगाया है। वर्तमान में शहर की सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टरों की अधिकता और गंदगी देखी जा रही है, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। ऐसे में नगर परिषद के अधिकारी चुनाव ड्यूटी के साथ स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर भी काम कर रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत अब शहर के सुंदरीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। हालांकि, इसमें कोई नया निर्माण नहीं हो रहा है, बल्कि लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए वॉल पेंटिंग की जा रही है। इसका लाभ स्वच्छ सर्वेक्षण में मिलेगा।
स्वच्छता के संदेशों से रंगी जाएंगी दीवारें
शहर की प्रमुख सरकारी विभागों की दीवारों पर अब स्वच्छता, जल ही जीवन है और अन्य जागरूकता संदेशों को रेखांकित किया जाएगा। इन वॉल पेटिंग्स में स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, खुले में शौच मुक्त और जल बचाने के संदेश प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इसका उद्देश्य शहरवासियों तक स्वच्छता के संदेश को प्रभावी रूप से पहुंचाना है।
पेंटिंग के मुख्य स्लोगन:
जल बचाने के महत्व पर।
खुले में कूड़ा न फेंकने और सफाई बनाए रखने पर।
खुले में शौच मुक्त बनाने पर।
पर्यावरण प्रदूषण को रोकने पर।
स्वच्छता में नंबर बनाने के लिए प्रेरणा देने वाले स्लोगन।
दीवारों को गंदी करने पर होगी कार्रवाई
नगर परिषद के नियमानुसार, यदि किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा दीवारों पर पोस्टर और बैनर लगाए जाते हैं तो संबंधित फर्म और पोस्टर बनाने वाली एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ 5,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था दीवारों को गंदा करती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
50 लाख रुपये का टेंडर जारी
नगर परिषद ने वॉल पेंटिंग के लिए 50 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। इस परियोजना के तहत बरनाला रोड और शहर के अन्य प्रमुख सरकारी दीवारों, पुलों के नीचे आदि क्षेत्रों में वॉल पेंटिंग करवाई जाएगी। इससे शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी और लोग भी स्वच्छता के प्रति जागरूक होंगे। यदि कोई व्यक्ति या संस्था इन दीवारों पर होर्डिंग्स या पोस्टर चस्पा कर इन्हें गंदा करती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। - जयवीर सिंह, सीएसआई, नगर परिषद।