सिरसा। नगर परिषद के दायरे में आने वाली अवैध कॉलोनियों को वैध करने की मांग निरंतर प्राप्त होती रहती है। राजनेताओं से लेकर शहर के मौजिज लोग आवेदन करते हैं, वहीं कुछ कॉलोनियों के लिए मुख्यालय से पत्र प्राप्त होता है। ऐसे ही कुछ समय पहले मुख्यालय में वैध करने के लिए भेजी गईं 18 कॉलोनियों की फाइल को अस्वीकार कर दिया गया।
इन कॉलोनियों के लिए फाइल फिर से न भेजने के भी आदेश जारी हो चुके हैं, जब तक मुख्यालय स्वयं डाटा नहीं मांगता है। वहीं, सीधे तौर पर आदेश दिए गए हैं कि वर्ष 2022 के सर्वे के अनुसार जो कॉलोनियां उस समय 70 प्रतिशत तक विकसित थीं, उन्हीं को वैध करने की प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके अतिरिक्त अन्य कोई कॉलोनी फिलहाल वैध नहीं होगी।
इस प्रक्रिया के बाद पूर्व में वैध हुई कॉलोनियां के साथ अवैध तरीके से विकसित की गई कॉलोनियों के मालिकों को तगड़ा झटका लगा है। वहीं, इन कॉलोनियों में प्लाॅट लेने वाले शहरवासियों के लिए भी यह अच्छी खबर नहीं है, क्योंकि वैध होने के सपने दिखाकर गलत तरीके से प्लाॅट बेचने का धंधा शहर में तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में दो दिन पहले डीटीपी विभाग ने भी एक कॉलोनी पर जेसीबी चलाने की कार्रवाई की थी, जो नगर परिषद के एरिया में काटी गई थी।
छह का फिर से डाटा करना होगा अपडेट
नगर परिषद की पूर्व में वैध हुई 25 कॉलोनियों के छोटे छोटे 12 हिस्से वैध करने के लिए मुख्यालय फाइल भेजी गईं थी। इनमें से छह को रद्द कर दिया गया है और छह के लिए फिर से डाटा मांगा गया है। अब दोबारा सर्वे और उनकी कमियों को दुरुस्त कर डाटा भेजा जाएगा। इसके लिए नगर परिषद के पास हाल ही में भेजे गए प्लानर की ड्यूटी लगाई गई है। शहर विकास की योजनाओं को वह देखेंगे और उस पर कार्य करेंगे। ऐसे में इंजीनियरिंग विंग पर कुछ हद तक काम कम हो गया है।
कई एरिया में हो चुका है सड़क निर्माण
शहर के बीचों बीच आने वाले अननुमोदित एरिया में विकास कार्य किए जा चुके हैं। क्योंकि इन हिस्सों के वैध होने की पूर्ण उम्मीद अधिकारियों को थी। वहीं, राजनीतिक दबाव के चलते भी सड़कों व अन्य सुविधाएं इन हिस्सों में दे दी गई हैं। अब वैध नहीं हो पाने पर नगर परिषद की इंजीनियरिंग के लिए मुसीबत बन गई है।
-पूर्व में मुख्यालय भेजी गई 18 कॉलोनियों की फाइलें रद्द हो गई हैं। छह हिस्सों की अपडेट रिपोर्ट की जाएगी। शहरवासियों से अपील है कि वैध कॉलोनियों में प्लाट खरीदें, अवैध कॉलोनियों में खरीदने से दूरी बनाए। संबंधित विभाग से कॉलोनियों की जानकारी प्राप्त करें।
- प्रवेश कौशिक, एमई, नगर परिषद।