संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। क्षेत्र के स्कूल में मुख्य अध्यापक की ओर से स्कूल की छात्राओं से छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करने पर उनके परिजनों व छात्राओं ने बयानों के आधार पर पॉक्सो व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में बुधवार रात को पुलिस ने मुख्य अध्यापक को गिरफ्तार कर वीरवार को अदालत में पेश किया।
अदालत के आदेशों के बाद आरोपी मुख्य अध्यापक को जेल भेज दिया गया। दरअसल, सोमवार को पंचायत व छात्राओं के परिजन स्कूल में पहुंच गए थे। उन्होंने मुख्य अध्यापक पर छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने और अश्लील गाने सुनने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं, मामले में छह छात्राएं भी सामने आईं थी। उन्होंने मुख्य अध्यापक की ओर से उनके साथ किए गए व्यवहार के बारे में परिजनों और पंचायत को बताया। इस पर रोड़ी थाना पुलिस ने मुख्य अध्यापक को हिरासत में ले लिया था और मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस मामले में रोड़ी थाना प्रभारी राजबाला ने महिला शिक्षकों और छात्राओं के बयान दर्ज किए थे। बयान दर्ज करने के बाद मंगलवार को आरोपी मुख्य अध्यापक पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर किया गया।