सिरसा। रोडवेज परिसर में खड़ी रोडवेज की बसें।
सिरसा। रोडवेज डिपो में बसों की कमी के चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बसों की कमी के कारण अनेकों रूटों पर बसों का संचालन नहीं हो पा रहा। वहीं हाल ही में रोडवेज डिपो के पास नौ और नई बसें आईं थी, जिनको लंबे रूटों पर चलाया जाना है। उन बसों को पहले से जर्जर तीन बसों के स्थानों पर चलाना पड़ रहा है।
विभाग की ओर से बसों की कमी के बारे में कई बार उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन समस्या ज्यों कि त्यों बनी हुई है। जिले में छोटे- बड़े रूटों पर चलने वाली वर्तमान में 235 बसें हैं। इनमें से बीएस- 6 और बीएस-4 शामिल हैं। बीएस-6 बसें एनसीआर क्षेत्रों में चलाई जाती है, क्योंकि बीएस-4 बसें इन शहरों व क्षेत्रों में चलाने के आदेश नहीं हैं।
ऐसे में रोडवेज डिपो में अभी मौजूदा समय में बसों की भारी कमी है। रोडवेज डिपो को करीब 250 बसों की जरूरत है। बसों की कमी के चलते रोडवेज विभाग 235 बसों से काम चला रहा है। इस कारण लंबे रूटों पर बसों की कमी के चलते फेरे कम कर दिए हैं। इससे इन रूटों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी होती हैं।
कार्यशाला में कर्मचारियों की लंबे समय से कमी
रोडवेज डिपो की कार्यशला में लंबे समय से बड़े स्तर पर कर्मचारियों की कमी है। कर्मचारी यूनियन कई बार इस संबंध में ज्ञापन व मांगपत्र दे चुकी है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ है। नई व पुरानी बसों की समय पर देखभाल व सर्विस न होने के कारण भी बसों में खराबी आ रही है। सर्विस के बिना बसों का लंबे समय तक चल पाना संभव नहीं है। इस कारण कई बसें जर्जर हो चुकी हैं। कर्मचारियों की सरकार से मांग है कि बस सर्विस स्टेशन में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए। आधुनिक सर्विस स्टेशन बनाया जाए, ताकि बसें कई सालों तक नियमित रूप से चल सकें और रोडवेज को घाटा न हो।
-
रोडवेज डिपो में बसों की कमी के बारे में समय -समय पर मुख्यालय को अवगत करवाया जाता है। मुख्यालय की ओर से नई बसें आई भी हैं लेकिन पहले वाली बसों में से तीन बसें जर्जर होने पर उन रूटों पर बसों को लगाया गया है।
सुधीर कुमार, टीआई, रोडवेज डिपो, सिरसा।