सिरसा। बैठक में भाग लेते हुए रोडवेज कर्मचारी। संवाद
सिरसा। हरियाणा रोडवेज यूनियन महासंघ के कार्यालय में मंगलवार को बैठक हुई। बैठक में प्रधान रिछपाल संधू ने कर्मचारियों के साथ आ रही समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। प्रधान रिछपाल संधू के नेतृत्व में कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल रोडवेज महाप्रबंधक से मिला। उन्होंने मांग रखी कि कर्मचारियों को रात्रि भत्ता, ओवरटाइम, रोटेशन व गाड़ियों के संचालन संबंधित आ रही समस्याओं का समाधान हो।
महाप्रबंधक ने सभी समस्याओं को जल्द हल करवाने का आश्वासन दिया। प्रधान रिछपाल ने बताया कि सबसे ज्यादा समस्या गाड़ियों के मेंटेनेंस को लेकर आ रही है। डिपो में हर रोज करीब 20 गाड़ियां डिटेन रहती हैं, कर्मशाला में कर्मचारियों की 1992 के बाद भर्ती न होना इसका बड़ा कारण है।
कर्मशाला में कर्मचारियों की कमी के कारण गाड़ियों का कार्य नहीं हो पाता है। इस अवसर पर उप प्रधान आत्माराम बेनीवाल, शेर सिंह खोड, सचिव सुरेंद्र बैरागी ने संयुक्त रूप से बताया कि सरकार कहीं न कहीं महकमे को निजी हाथों में सौंपने की सोच रही है। जिस प्रकार से इलेक्ट्रिक बसों को 63 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से अदायगी की जा रही है, यह महकमे में घाटे का सौदा है। इस अवसर पर सह सचिव पवन कंबोज, ऑडिटर विकास यादव, सचिव सुरेंद्र बैरागी, लादूराम बनी, सुरेंद्र चेयरमैन, जीतम सिंह, कुलविंदर कोटली आदि मौजूद रहे।