सिरसा। शहर में उपायुक्त आरके सिंह के आदेशों के उपरांत शहर में पांच दिन पहले पशु पकड़ो अभियान नगर परिषद ने शुरू किया था। पशुपालन विभाग ने नगर परिषद को गोशालाओं में पशुओं को लेकर रिपोर्ट दी थी। उसी आधार पर नगर परिषद की टीम ने कार्रवाई शुरू की। लेकिन 51 पशुओं को गोशाला व नंदीशाला पहुंचाने के बाद गोशालाओं ने यह कहते हुए पशुओं को लाने से मना कर दिया कि उनके पास व्यवस्था नहीं है।
उन्हें पहले व्यवस्था बनाने दें। ऐसे में तीन दिनों से पशु पकड़ो अभियान पूरी तरह से बंद पड़ा है और सड़कों पर बेसहारा पशु नजर आ रहे हैं। बता दें कि नगर परिषद की टीम ने बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए टेंडर दिया हुआ है। पशुओं को पकड़कर गोशालाओं और नंदीशालाओं में छोड़ा जाएगा। लेकिन दो बार पशु पकड़ो अभियान बीच में बंद हो चुका है। दिसंबर माह में 200 पकड़ने के बाद अभियान रुक गया था और अब दो दिन में 51 पशु पकड़ने के साथ ही अभियान रुक गया है। बेसहारा पशुओं के कारण शहर में हादसों का खतरा बना हुआ है।
गोशालाएं अभियान चलाने के बाद कर देती हैं इन्कार
ठेकेदार के अनुसार बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए उनकी टीम हमेशा तैयार रहती है। हर बार गोशालाएं व नंदीशालाओं की ओर से बेसहारा पशुओं को लेने से इन्कार कर दिया जाता है। जिसके कारण अभियान बीच में छोड़ना पड़ता है। अगर निरंतर अभियान चलता है तो एक माह में दो हजार के करीब पशुओं को गोशालाओं व नंदीशालओं में हम पहुंचा सकते है।
गोशालाओं व नंदीशालाओं ने व्यवस्था बनाने की बात कहते हुए पशुओं को लेने से इन्कार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें कुछ दिन व्यवस्था बनाने के लिए चाहिए। ऐसे में जैसे ही व्यवस्था बनेगी, बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू हो जाएगा।
- जयवीर सिंह , मुख्य सफाई निरीक्षण, नगर परिषद सिरसा