कालांवाली। कालांवाली थाना पुलिस की साइबर टीम ने एक फर्जी वर्क वीजा एजेंसी के मामले में वांछित आरोपी संगम विहार, साउथ दिल्ली निवासी अनिकेत उर्फ रिशी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी को सेंट्रल जेल अंबाला से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है। थाना प्रबंधक पीएसआई सुनील कुमार ने बताया कि 17 अप्रैल को कालांवाली थाने में साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने उससे माल्टा से फिनलैंड के लिए वर्क वीजा लगवाने के नाम पर बारी बारी से 2,53,000 की ठगी की। न तो उसे वर्क वीजा उपलब्ध करवाया गया और न ही ठगी गई राशि वापस की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएसआई सतपाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से कार्रवाई की।
पांच जून 2025 को सूरत (गुजरात) से इस फर्जी वर्क वीजा एजेंसी का भंडाफोड़ किया। इस दौरान मुख्य आरोपी मिरा रोड महाराष्ट्र, निवासी शाहबाज हुसैन उर्फ गोरंग, हाल ऑफिस सूरत और उसके साथी संगम विहार, साउथ दिल्ली निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 26 वीजा कार्ड, भारत व नेपाल के 22 पासपोर्ट, दो जाली स्टांप, आईडीबीआई बैंक की चेकबुक, ब्रॉडबैंड कनेक्शन और 22,000 रुपये की नकद राशि बरामद की गई।
मामले की आगे की जांच के दौरान साइबर हेल्प डेस्क थाना कालांवाली पर तैनात पीएसआई संजीव कुमार ने वांछित आरोपी अनिकेत उर्फ रिशी की संलिप्तता पाए जाने पर उसे अंबाला सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। दो दिन के पुलिस रिमांड में आरोपी से पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।