सिरसा। बेटे और बहू को विदेश भेजने के नाम पर एक शख्स ने 15 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने आर्थिक अपराध शाखा की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी गांव बूढीमेड़ी निवासी राम माही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी का एमसी मार्केट में स्पार्कलाइन इमिग्रेशन नाम से संस्थान है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सुल्तानपुरिया निवासी राज कौर ने बताया था कि जुलाई 2024 को राम माही उसके पास और कहने लगा कि वह उसके बेटे बलजिंदर सिंह व बहू अनुराधा को इंग्लैंड (यूके) भेज सकता है। इसकी एवज में राम माही ने 15 लाख रुपये मांगे। राज कौर ने बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए अपनी जमीन बेचकर राम माही को 15 लाख रुपये दे दिए।
राज कौर का कहना है कि दो माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी राम माही ने यूके का वीजा नहीं लगाया। वह बार-बार आश्वासन देता रहा। पैसे वापस मांगे तो राम माही ने देने से इन्कार कर दिया और धमकी दी कि अगर पैसे मांगे तो उसके बेटे को जान से मरवा देगा। इसके बाद राज कौर ने एसपी को शिकायत दी। एसपी ने आर्थिक अपराध शाखा को जांच करने का निर्देश दिया।
आर्थिक अपराध शाखा के जांच अधिकारी राम निवास ने मामले की जांच की तो आरोपी राम माही के खिलाफ आरोप सही पाए गए। आर्थिक अपराध शाखा ने रानियां थाने में अपनी रिपोर्ट भेजी। सोमवार को रिपोर्ट के आधार पर रानियां थाना पुलिस ने आरोपी राम माही के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली। जांच अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।