स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पंजाब में दबिश देकर भ्रूण लिंग जांच मामले में रतिया क्षेत्र की एक दलाल महिला को गिरफ्तार किया है जबकि मामले में पंजाब का प्रमुख गिरोह सदस्य गाड़ी सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। टीम ने दलाल महिला को दी 27000 हजार की राशि सहित काबू कर लिया। जबकि गाड़ी में ही अल्ट्रासाउंड करने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दो के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार चिकित्सक दीपक कंबोज ने बताया कि सिरसा के सिविल सर्जन को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग जिला फतेहाबाद में गैरकानूनी तरीके से भ्रूण लिंग जांच का कार्य कर रहे हैं। इसके चलते फतेहाबाद के सिविल सर्जन डाक्टर विरेश भूषण ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने के लिए टीम का गठन किया, जिसमें स्वयं डा. गिरीश डोडा के अलावा सिरसा के पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार, नोडल अधिकारी डॉ. हरसिमरन सिंह आदि को भी शामिल किया गया।
उन्होंने बताया कि संबंधित सदस्यों को पकड़ने के लिए सिविल सर्जन द्वारा 27,000 रुपयों की नकदी दी गई, जिस पर उन्होंने अपने हस्ताक्षर भी किए। सिरसा के दीपक कुमार पंजाब नंबर की एक सफेद रंग की आल्टो कार में डिकोय एक गर्भवती महिला को साथ लेकर सुबह 7 बजे रतिया के बुढ़लाडा रोड पर स्थित घग्गर पुल के पास पेट्रोल पंप पर आ गए, जहां पर पहले से ही कर्मजीत कौर नामक महिला खड़ी थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही उपरोक्त महिला गाड़ी में बैठी तो उसी दौरान उक्त महिला को गर्भवती महिला के भ्रूण लिंग की जांच करने के लिए पहले से तय किए 27,000 रुपये दे दिए, जिस पर कर्मजीत कौर ने पंजाब की तरफ चलने के लिए बोल दिया। उपरोक्त महिला दीपक कुमार व डिकोय गर्भवती महिला को पंजाब के जिला मानसा के गांव बसौर के पास ले गई और वहां पर कर्मजीत कौर ने दीपक कुमार की गाड़ी एक साइड पर रुकवा दिया और डिकोय महिला को नीचे उतार लिया। इस दौरान दलाल महिला ने दीपक कुमार को कुछ ही दूरी पर स्थित ढाबे पर जाने को कहा तो इसी अंतराल में एक सफेद रंग की वरना गाड़ी आई और इस गाड़ी के चालक ने गाड़ी में गर्भवती महिला के पेट का अल्ट्रासाउंड कर दिया। इस दौरान मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई, जिसे आता देख कर वरना गाड़ी वाले ने अपनी गाड़ी तेजी से भगा ली और फरार हो गया।
चिकित्सक ने बताया कि गाड़ी चलाने वाले चालक की पहचान मलकीत सिंह निवासी अहमदगढ़ जिला संगरूर के रूप में की गई है, क्योंकि वर्ष 2018 में भी गर्भवती महिला के भ्रूण लिंग की जांच करते अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ स्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद की टीम द्वारा पकड़ा गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही गर्भवती महिलाओं के भ्रूण लिंग की जांच करने के आरोप में केस दर्ज करने के लिए शहर थाना पुलिस को शिकायत दे दी और दलाल महिला के कब्जे से उपरोक्त राशि के अलावा उसके साथ आई एक अन्य महिला के कब्जे से 500 का नोट बरामद कर लिया।
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक डॉ. गिरीश डोडा की शिकायत पर भ्रूण लिंग जांच करने के मामले को लेकर रतिया की कर्मजीत कौर व अहमदगढ़ के मलकीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला की गिरफ्तारी दिखा दी गई है। इस मामले की जांच महिला सब इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।
- भगवान शर्मा, शहर थाना प्रभारी, फतेहाबाद