संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डायल 112 टीम के साथ हाथापाई करने और पीएफटी डिवाइस के मामले में शहर थाना पुलिस ने एक महीने के बाद आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल इंचार्ज हरदीप कौर ने बताया कि एक जनवरी 2025 की रात को कीर्तिनगर में सरकारी स्कूल के पास की गली निवासी सुरेंद्र की कॉल आई थी। इसके बाद वह महिला सिपाही सुमित्रा और ड्राइवर रविंद्र के साथ मौके पर पहुंची। यहां पर शिकायतकर्ता मकान मालिक सुरेंद्र मौजूद था।
इंचार्ज का आरोप है कि सुरेंद्र कुमार के मकान पर रह रही महिला किरायेदार नशे में थी। वह सुरेंद्र के साथ झगड़ा कर रही थी। हरदीप कौर ने बताया कि उसने व कर्मचारी सुमित्रा ने महिला किराएदार को काफी समझाया, लेकिन उसने हमारी बातों को अनसुना करते हुए दोनों के साथ ही हाथापाई शुरू कर दी और पीएफटी डिवाइस को तोड़ दिया।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने संज्ञान लिया और ईआरवी इंचार्ज से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद केस दर्ज करवाने के निर्देश दिए। ऐसे में महिला पुलिस कर्मचारी के साथ हाथापाई करने और डिवाइस तोड़ने पर एक माह से ज्यादा वक्त गुजरने के बाद मामला दर्ज हुआ है।