सिरसा। राजकीय महिला महाविद्यालय में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का केंद्र नवस्थापित है। इसकी क्रम संख्या 1085 है। इसके प्रभारी रोहतास कुमार ने बताया कि इसमें 29 फरवरी तक दाखिला लिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इग्नू में साल में जनवरी और जुलाई सत्र के लिए दो बार दाखिले होते हैं। आजकल जनवरी 2024 सत्र की दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई है। इसमें बीए में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को BAG की जगह पर BAM और बीकॉम के लिए BCOMG की जगह पर BCOMF कोर्स का चुनाव करना होगा।
उन्होंने बताया कि जो लोग कौशल आधारित और ज्ञान आधारित शिक्षा लेना चाहते हैं, उनके लिए इग्नू सबसे उपयुक्त विवि है।इग्नू का उद्देश्य विद्यार्थियों का ज्ञान बढ़ाकर उनके लिए उत्थान के समान अवसर उपलब्ध करवाना है। इग्नू दुर्गम क्षेत्र, गांव, देहात के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने का कार्य कर रही है।
ऐसे विद्यार्थी जिनको कम मेरिट के कारण नियमित कॉलेज या विश्वविद्यालय में दाखिला नहीं मिला हो या किसी भी कारण से कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ने के लिए नियमित रूप से जाने में अक्षम विद्यार्थी इग्नू के माध्यम से पढ़ाई कर डिग्री ले सकते हैं।
नौकरी पेशा वाले लोग भी आसानी से दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अपनी उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं। इग्नू के किसी भी पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं। इग्नू से विभिन्न तरह के सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं।
इग्नू के सभी पाठ्यक्रमों की सूची एवं जानकारी इग्नू की वेबसाइट www.ignou.ac.in पर उपलब्ध है। इच्छुक विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट https://ignouadmission.samarth.edu.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करके प्रवेश ले सकते हैं। अनुसूचित जाति और जनजाति (SC/ST) के विद्यार्थियों की फीस पूरी तरह से माफ है लेकिन उनकी सालाना वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये या इससे कम होनी चाहिए।
प्रवेश के लिए जरूरी प्रमाणपत्र
एडमिशन के लिए विधार्थी के पास दसवीं और बारहवीं पास करने का अंकपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, आय प्रमाणपत्र, हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी, विद्यार्थी की ईमेल और मोबाइल फोन नंबर होना चाहिए।
जिन विद्यार्थियों ने जनवरी 2023 में इग्नू स्टडी सेंटर 1085 में दाखिला लिया था। उनके अगली कक्षा के पुन: पंजीकरण शुरू हो गए हैं। वह विद्यार्थी 29 फरवरी तक अपना पुन: पंजीकरण करवा सकते हैं। पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थी इस लिंक https://onlinerr.ignou.ac.in/ पर जाकर प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं।