संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। शहर की सब्जी मंडी में गंदगी और कचरे के ढेरों को लेकर विधायक गोकुल सेतिया की नाराजगी के बाद प्रशासन हरकत में आया। वीरवार को मंडी में दिनभर सफाई अभियान चलाया गया और शिव मंदिर के पास जमा कचरे को उठवाया गया।
सफाई व्यवस्था को लेकर दिनभर अधिकारियों से लेकर मंत्री स्तर तक मार्केट कमेटी के अधिकारियों से रिपोर्ट लेते रहे। मार्केट कमेटी सचिव ने सफाई एजेंसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सब्जी मंडी में शिव मंदिर के साथ लंबे समय से कचरे के ढेर लगे हुए थे। बुधवार को कचरे में आग लगाकर उसे जलाया जा रहा था जिससे आसपास गंदगी और धुएं की समस्या बनी हुई थी। इसी समस्या को लेकर मंडी व्यापारियों ने विधायक गोकुल सेतिया को मौके पर बुलाया।
विधायक हालात देखकर भड़क गए और उन्होंने उपायुक्त को फोन कर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि वे इस मामले में कई बार सचिव को सूचित कर चुके हैं लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विधायक ने समस्या का जल्द समाधान करवाने की मांग की।
समाजसेवी लोगों ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर नाराजगी जताई थी। विधायक ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जाहिर की थी।
वीरवार सुबह विधायक ने अपने फेसबुक पर पोस्ट डालते हुए कहा कि सब्जी मंडी के शिव मंदिर के आगे हालात बेहद खराब हैं।
अधिकारियों पर उठाए सवाल : विधायक ने कहा कि यह नजारा सबको टैग करने के बाद भी अफसरों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सारे इलाके की सब्जी यहां से जाती है और लोग उसे खाते हैं। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोई सुनने वाला नहीं है। इस पोस्ट के बाद मंत्री से लेकर अधिकारी तक हरकत में आ गए। सीआईडी की टीमें भी इस मामले में अपडेट करती नजर आईं। दोपहर तक प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आया। सब्जी मंडी की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर विधायक ने मार्केट कमेटी सचिव की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई थी।