कालांवाली। क्षेत्र के गांव दादू में खेल मैदान नहीं होने से युवाओं को आ रही परेशानी को देखते हुए दादू के सरपंच बलतेज सिंह रोमाना ने निजी तौर पर खेल के लिए जमीन उपलब्ध करवाई है। सरपंच ने गांव के पास ठेके पर जमीन लेकर खेल मैदान तैयार करवाया है। इस खेल मैदान से अब युवाओं को खेलकूद और शारीरिक अभ्यास के लिए अच्छी सुविधाएं मिलेंगी।
कुछ वर्ष पूर्व इस गांव के टॉप खिलाड़ी जगराज सिंह गाजी ने घोषणा की थी कि वह युवाओं को निशुल्क कोचिंग देंगे। खेल मैदान तैयार होने के बाद वह अब युवाओं को खेलों की कोचिंग दे रहे हैं।
विज्ञापन
गांववासियों और युवाओं ने पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि खेल मैदान बनने से युवाओं का रुझान खेलों की ओर बढ़ेगा ओर वे स्वास्थ्य रहेंगे और नशे जैसी बुराईयों से दूर रहेंगे। सरपंच बलतेज सिंह ने कहा कि नशे पर पुलिस प्रशासन भी गंभीर है। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को गांवों में ही खेल की पर्याप्त सुविधाएं मिलेंगी तो उनका ध्यान नशे की ओर नहीं जाएगा।
सरपंच ने कहा कि गांव की पंचायती जमीन गांव से काफी दूर थी। इस कारण खिलाड़ियों को वहां जाने में दिक्कत आती थी। इसलिए उन्होंने गांव के पास ही करीब डेढ़ एकड़ जमीन ठेके पर लेकर खेल मैदान तैयार करवाया।