फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: गुरु तेग बहादुर के जीवन और उनके साहस को स्वरों में प्रस्तुत करेंगे विद्यार्थी

विज्ञापन
सिरसा।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खैरपुर सिरसा। संवाद 
विज्ञापन
सिरसा। श्री गुरु तेग बहादुर के 350 वीं शहीदी दिवस की याद में इस बार प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में कुछ खास होने जा रहा है। विद्यार्थी अब गुरु के जीवन, उनके साहस और न्याय के संदेश को अपने शब्दों और स्वर में प्रस्तुत करेंगे। शिक्षा विभाग ने घोषणा की है कि प्रदेशभर के विद्यालयों में निबंध लेखन और कहानी वाचन प्रतियोगिता सुनो कहानी गुरुजी की का आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन


नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थी इसमें भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर से शुरू होकर खंड, जिला और राज्य स्तर तक पहुंचेंगी। कार्यक्रम का समय निर्धारण भी तय किया गया है। विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं तीन नवंबर, खंड स्तर पर चार व पांच नवंबर, जिला स्तर पर छह से नौ नवंबर और राज्य स्तरीय फाइनल 10 नवंबर को होगा। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को इतिहास से परिचित कराना नहीं, बल्कि उनमें न्याय, साहस और विविधता के प्रति सम्मान जैसे मूल्यों को जगाना भी है।

कहानी वाचन के लिए मिलेंगे पांच से सात मिनट

कहानी वाचन प्रतियोगिता में प्रतिभागी श्री गुरु तेग बहादुर के जीवन से जुड़ी किसी प्रेरणादायक साखी या प्रसंग का मौखिक वाचन करेंगे। प्रत्येक छात्र को अपनी प्रस्तुति के लिए पांच से सात मिनट का समय मिलेगा। कहानी हिंदी, पंजाबी या अंग्रेजी किसी भी भाषा में प्रस्तुत की जा सकती है। इस प्रतियोगिता में कुल 100 अंक रखे गए हैं। इनमें ऐतिहासिक सटीकता और नैतिक संदेश के 25, भाषा की स्पष्टता व उच्चारण के 25, अभिव्यक्ति व आत्मविश्वास के 25 और प्रस्तुति व तथ्यात्मक शुद्धता के 25 अंक शामिल हैं।
विज्ञापन




ए-4 कागज पर लिखना होगा 500 से 600 शब्दों में निबंध

निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थी 500 से 600 शब्दों का निबंध ए-4 आकार के कागज पर स्वयं हस्तलिखित रूप में लिखेंगे। इसके लिए 90 मिनट का समय निर्धारित है, जबकि विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को 30 मिनट अतिरिक्त और आवश्यक सहायता दी जाएगी। प्रतियोगिता पूरी तरह ऑफलाइन होगी और शिक्षक की देखरेख में आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में समूह प्रविष्टियां शामिल नहीं होंगी। प्रत्येक विद्यार्थी को व्यक्तिगत रूप से भाग लेना होगा। जिला और राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाणपत्र दिए जाएंगे, जबकि राज्य स्तर के विजेताओं को एक विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा।



प्रतियोगिता के लिए निर्धारित विषय

प्रतियोगिता के लिए विभाग ने कुछ रोचक विषय भी दिए हैं। इनमें श्री गुरु तेग बहादुर जी की जीवन यात्रा,मक्खन शाह लुबाना, लक्खी शाह बंजारा, भाई कुशल सिंह दहिया, भाई जैता का योगदान, त्यागमल से तेग बहादुर तक का सफर, मालवा यात्रा, उत्तर-पूर्व की यात्रा, आनंदपुर साहिब का इतिहास, गुरुजी और कश्मीरी पंडितों का बलिदान जैसे प्रेरणादायक प्रसंग शामिल हैं। इस आयोजन से विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा कि वे न केवल गुरु तेग बहादुर के त्याग और बलिदान को समझें, बल्कि अपने भीतर साहस, सच्चाई और मानवता के आदर्शों को भी अपनाएं।





यह प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को श्री गुरु तेग बहादुर के जीवन और शिक्षाओं से जोड़ने का एक प्रेरणादायक माध्यम बनेंगी। इससे बच्चों में न्याय, साहस और धार्मिक सहिष्णुता जैसे मानवीय मूल्य और अधिक मजबूत होंगे। हमें विश्वास है कि विद्यार्थी गुरु जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सच्चाई और मानवता के मार्ग पर चलेंगे।
विज्ञापन


- सुनीता साईं, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें