रोड़ी। गांव रंगा के निकट बीती रात्रि तेज रफ्तार एक स्विफ्ट कार ने 2 मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार 3 लोगों में से एक की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। इस संबंध में रोड़ी पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव नागोकी निवासी जगप्रीत सिंह व गुरलाल सिंह सहित दोनों लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर बीती रात्रि सरदूलगढ़ से अपने गांव नागोकी जा रहे थे। जबकि उनके पीछे-पीछे सरदूलगढ़ निवासी राजेश कुमार भी अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। जब दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार लोग अलीकां रोड पर गांव रंगा के निकट पहुंचे तो इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने दोनों मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार तीनों लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां गुरलाल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि राजेश व जगप्रीत का उपचार चल रहा है। एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक गुरलाल के मौसेरे भाई जोध सिंह निवासी गांव जटाना (पंजाब) के बयान पर कार चालक गांव लहंगेवाला निवासी इकबाल सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।