संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजकीय महिला महाविद्यालय में साइंस एवं कंप्यूटर साइंस विभाग की ओर से अंतिम वर्ष की छात्राओं के सम्मान में शनिवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत भाषण के साथ की गई। इसके बाद छात्राओं की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों में नृत्य, गीत, कविताएं एवं लघु नाटिकाएं शामिल रहीं।
प्राचार्य डॉ. विक्रमजीत ने कहा कि महाविद्यालय की छात्राएं अनुशासन, परिश्रम एवं संस्कारों के बल पर जीवन में उच्चतम शिखरों को प्राप्त करेंगी। जहां भी जाएंगी अपने उत्कृष्ट कार्यों से संस्थान का नाम रोशन करेंगी। समारोह के दौरान अंतिम वर्ष की छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए महाविद्यालय में बिताए गए पलों को याद किया और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं तथा स्मृति-चिह्नों के साथ इस यादगार पल को संजोया।
समारोह में विभिन्न प्रतिभाओं एवं व्यक्तित्व के आधार पर छात्राओं को सम्मानित किया गया। कंप्यूटर साइंस वर्ग में मिस फ्रेशर का खिताब सोनिया को प्रदान किया गया जबकि मिस फेयरवेल का खिताब अक्शदीप कौर को मिला। मिस ईव का खिताब खुशी, मिस चार्मिंग चेष्टा, मिस पर्सनॉलिटी रूप तथा मिस ऐलिगेंट मेहक को प्रदान किया गया।
बीएससी वर्ग में मिस फेयरवेल का खिताब दिशा, मिस चार्मिंग एकता, मिस ईव संगीता, मिस ऐलिगेंट प्रियंका तथा मिस पर्सनॉलिटी कंचन को प्रदान किया गया।