फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्नैचरों ने मचाया आतंक, चार महिलाओं की चेन तोड़ी

विज्ञापन
विज्ञापन
 शहर में शनिवार रात और रविवार सुबह हुई चेन स्नैचिंग की लगातार चार वारदात से शहर में दहशत फैल गई है। बाइक पर आतंक का पर्याय बन घूम रहे बदमाश पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। पुलिस चेन स्नैचरों को पकड़ने के लिए पूरे शहर में जोरशोर से जुटी है। मुखबिरों के माध्यम से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है लेकिन रविवार रात तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पाई।
विज्ञापन


 सिरसा में चेन स्नैचिंग की सैकड़ों वारदात हो चुकी हैं, इस कारण महिलाएं कीमती गहने पहनकर घर से बाहर निकलने से हिचकिचाने लगी हैं। अभी तक पुलिस कुछेक वारदात छोड़कर बाकी मामले ट्रैस नहीं कर पाई है। फिलहाल शनिवार रात से रविवार सुबह तक चार वारदात होने के बाद से अधिकारी केवल इतना कह रहे हैं कि झपटमारों की तलाश जारी है। जल्द ही इन्हें काबू कर लिया जाएगा।

पहली वारदात
शनिवार रात आठ बजे शहर में काले रंग के पल्सर पर सवार दो युवक बरनाला रोड पहुंचे। हुडा सेक्टर 20 निवासी मीनाक्षी रावत स्कूटी पर अपने बच्चों को लेकर बाजार से घर की जा रही थी। बाइकर्स ने मीनाक्षी को अपना टारगेट बनाकर शहीद भगत सिंह स्टेडियम के सामने उसके गले में झपटा मारकर सोने की चेन छीन ली और बस अड्डे की तरफ फरार हो गए।
विज्ञापन


एकदम से झपटा लगने से मीनाक्षी घबरा गई जिससे स्कूटी पलट गई। उसने अपने बच्चों को संभाला। सूचना मिलने पर हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई अमरपाल ने बताया कि अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। मीनाक्षी ने दो तोले की सोने की चेन पहन रखी थी।

आधे घंटे बाद ही दूसरी वारदात
पहली वारदात के आधे घंटे बाद काले पल्सर पर सवार चेन स्नैचर गोशाला रोड पहुंचे और अपना अगला टारगेट चुनने लगे। हिसार रोड स्थित भगत सिंह नगर निवासी मेनका रानी पत्नी रमेश कुमार गोशाला रोड स्थित भीम कॉलोनी में अपने भाई को राखी बांधने आई थी। वह शनिवार शाम को अपनी मां कौशल्या के साथ खरीदारी करने बाजार गई थी और रात को पैदल घर लौट रही थी।

बाइक से एक बदमाश नीचे उतरा और मेनका रानी के गले से झपटा मारकर सोने की चेन छीन ली। मेनका ने जब शोर मचाना शुरू किया तब तक स्नैचर बाइक पर फरार हो चुके थे। सूचना मिलने पर कीर्ति नगर चौकी प्रभारी रामनिवास मौके पर पहुंचे। दूसरी वारदात होने के बाद पूरे शहर में पुलिस अलर्ट हो गई। मेनका ने डेढ़ तोले की चेन पहन रखी थी। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस आरोपियों को जल्द ही काबू कर लेगी।

रविवार सुबह तीसरी वारदात
रविवार सुबह रक्षाबंधन के दिन घर से सैर पर निकली एमसी कॉलोनी निवासी वृद्धा धर्मपाल कौर पत्नी चंद्रभान को स्नैचरों ने अपना निशाना बनाया। धर्मपाल कौर जब हिसार रोड स्थित हरियाणा गेस्ट हाउस के पास पहुंची तब बाइक पर सवार दो युवक उसके पास आए।

 पूर्व की वारदात की तरह पीछे बैठा युवक नीचे उतारा और धर्मपाल कौर के गले से चेन झपटा मारकर छीन ली। घटना से धर्मपाल कौर घबरा गई और बाइकर्स आसानी से फरार हो गए। सूचना पाकर बस अड्डा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। धर्मपाल कौर के गले से स्नैचर दो तोले की चेन छीनकर ले गए हैं।

चंद घंटे बाद चौथी वारदात
रविवार सुबह साढे़ दस बजे शहर के सी ब्लॉक निवासी 70 वर्षीय कमला देवी पत्नी राधा कृष्ण मंदिर में पूजा करके घर लौट रही थी कि घर के पास ही काले रंग के बाइक पर सवार दो युवक आए और कमला देवी के गले से चेन झपटकर ले गए। सूचना मिलने पर जेजे कॉलोनी चौकी प्रभारी शिव नारायण शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर वारदात हुई है उसके आसपास दो दर्जन खुफिया कैमरे लगे हुए हैं। वारदात कैमरों में जरूर कैद हुई होगी। पुलिस सभी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, कुछ एक में बाइकर्स दिखाई दे रहे हैं। चेन छीनने वाले युवक के बाल लाल रंग के हैं। जल्द ही इनको गिरफ्त में लिया जाएगा।

बिना नंबर के बाइक से वारदात
शहर में चेन स्नैचिंग की अधिकतर वारदात में बदमाश बिना नंबर के बाइक का प्रयोग कर रहे हैं। पुलिस शहर के प्रमुख चौराहों पर प्रतिदिन दोपहिया व चौपहिया वाहनों की जांच तो कर रही है लेकिन अभी बदमाशों को पकड़ने में हाथ खाली है। पुलिस के अनुसार चार वारदात एक ही गैंग ने की है। जो अकेली चल रही महिलाओं को अपना निशाना बना रहे हैं।

नए कानून का भी नहीं है डर
प्रदेश सरकार ने चेन स्नैचिंग जैसी वारदात में बढ़ोतरी के बाद भारतीय दंड संहिता हरियाणा संशोधन विधेयक 2014 को पारित करके इस अपराध को गैर जमानती घोषित कर दिया है। नए कानून के तहत अब अपराधी को कम से कम पांच से दस वर्ष की सजा और 25 हजार रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया है, लेकिन सख्त कानून के बाद भी वारदात में कोई कमी नहीं आई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें