ओढ़ां। डबवाली के बहुउद्देश्यीय कृषि सहकारी समिति लिमिटेड (पैक्स) में कथित घोटाले की एसआईटी जांच पूरी हो चुकी है। एसआईटी की रिपोर्ट सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां डबवाली (एआर) को सौंप दी जाएगी, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई शुरू की जाएगी।
हालांकि जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घोटाले में कुल कितनी गड़बड़ी हुई, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह राशि लगभग 45 लाख रुपये के बीच हो सकती है। जांच के दौरान आरोपित सेल्समैन सतपाल ने लगभग 13.5 लाख रुपये की रिकवरी की है, जबकि प्रबंधक सोहन लाल और सेल्समैन संदीप ने नोटिस की अनदेखी की और कोई राशि जमा नहीं की।
डबवाली पैक्स में घोटाले के आरोपी सोहन लाल के पास अलीकां पैक्स का भी चार्ज था। हाल ही में एसआईटी ने अलीकां पैक्स में जांच शुरू की, लेकिन पहले दिन आवश्यक रिकॉर्ड न मिलने के कारण जांच स्थगित कर दी गई। यह रिकॉर्ड निलंबित प्रबंधक सोहन लाल के पास था, जिसे उसने गोरीवाला पैक्स के प्रबंधक मदन लाल को सौंपा था। विभागीय नियमों के तहत निलंबित कर्मचारी को रिकॉर्ड सौंपना उचित नहीं है, लेकिन यहां नियमों की अनदेखी की गई, जो जांचकर्ताओं के लिए बड़ा सवाल बन गया है।
एसआईटी जांचकर्ता की रिपोर्ट
पैक्स प्रबंधक मदन लाल ने बताया कि उन्हें दिसंबर 2025 में अलीकां पैक्स का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि निलंबित प्रबंधक सोहन लाल के समय की डे-बुक अधूरी थी, इसलिए उसे रिकॉर्ड पूरा करने के लिए दिया था, जिसे अब लौटा दिया है। अलीकां पैक्स में खाद स्टॉक में गड़बड़ी की सूचना मिली है, लेकिन इसकी विस्तृत जानकारी एसआईटी की जांच में ही सामने आएगी।
डबवाली पैक्स मामले में एसआईटी जांच कर रही है, लेकिन अभी फाइनल रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। - संजीव शर्मा, एआर, सहकारी समितियां डबवाली।