सिरसा। सिरसा-तिलकब्रिज हरियाणा एक्सप्रेस से गुरुग्राम व दिल्ली के लिए यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने कोरोना काल में लगी पाबंदी हटा दी है। अब यात्री हरियाणा एक्सप्रेस में बिना टिकट रिजर्व करवाए सफर कर सकेंगे। उत्तर रेलवे ने 10 सितंबर से हरियाणा एक्सप्रेस को पूर्णतया अनारक्षित चलाने का फैसला लिया है।
सांसद सुनीता दुग्गल ने हरियाणा एक्सप्रेस को कोरोना काल से पहले की तरह पूर्णतया अनारक्षित संचालन के लिए रेलमंत्री, प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, रेलवे बोर्ड व प्रिंसिपल चीफ कॉमर्शियल मैनेजर को पत्र लिखा था। कोरोना काल के बाद संचालित हरियाणा एक्सप्रेस ऐसी पहली गाड़ी होगी, जिसमें 2 एसी चेयर कार आरक्षित व बाकी सभी डिब्बे अनारक्षित होंगे। साथ ही इसमें एमएसटी पास लागू होगा। रेलवे के इस फैसले से सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, कोसली, झाड़ली व दिल्ली-रेवाड़ी के दैनिक यात्रियों समेत सभी लोगोें को फायदा होगा।