मंडियों में गेहूं की आवक के मुकाबले अब 60 फीसदी गेहूं का उठान नहीं हो पाया है। मौसम खराब होने के कारण खुले आसमान के नीचे पड़ा गेहूं अब भीग रहा है। जबकि अधिकारियों द्वारा आदेश दिए जाने के बाद भी उठान प्रक्रिया में कोई तेजी नहीं आई है। मंडियों में अभी तक 45 लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है, लेकिन 20 लाख क्विंटल गेहूं का ही उठान हो पाया है। जबकि गेहूं को तिरपाल से ढकने के लिए आढ़तियों के पास कोई बंदोबस्त दिखाई नहीं दे रहा।
मंगलवार को सुबह से मौसम खराब चल रहा है। दोपहर बाद हुई बूंदाबांदी के कारण किसानों को इस परेशानी का सामना करना पड़ा। मंडियों में अब तक 45 लाख 15 हजार क्विंटल गेहूं की आवक मंडियों हो चुकी है। मंगलवार को 9 लाख 10 हजार क्विंटल गेहूं लेकर किसान मंडी में पहुंचे हैं। 32377 किसानों के गेट पास काटे गए हैं, लेकिन मंडियों में उठान कार्य धीमा है। गेहूं के 25 लाख क्विंटल गेहूं खुले आसमान के नीचे पड़ा है।
बारिश में भीग रहा गेहूं
मंगलवार को मौसम खराब होने के कारण कालांवाली और रोड़ी में बारिश हुई है। जबकि सिरसा में बूंदाबांदी हुई है। ऐसे में शेड पहले से ही भरे होने के कारण किसानों को भी इसकी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडियों के शेडों के नीचे आढ़तियों द्वारा गेहूं की ढांग लगाई गई है। इसके कारण किसानों को खुले में ही गेहूं का तोल करवाना पड़ रहा है।
उठान कार्य में तेजी लाने के लिए ठेकेदार को आदेश दिए है। जल्द ही उठान करवा दिया जाएगा। आढ़तियों को भी गेहूं ढकने के लिए बंदोबस्त करने के आदेश दिए गए हैं।
- चरणजीत सिंह गिल, डीएमईओ, सिरसा