रानियां पंचायत समिति के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में जनजागरण मंच की सरोज रानी ने 25 में से 17 वोट लेकर जीत हासिल की है। वहीं भाजपा के रामसरूप 16 वोट पाकर उपाध्यक्ष पद पर कब्जा किया। इस चुनाव में इनेलो को जोर का झटका लगा है।
पंचायत समिति कार्यालय में निर्वाचन अधिकारी एवं ऐलनाबाद के उपमंडलाधीश प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में वीरवार को संपन्न हुई चुनावी बैठक में 26 में से 25 सदस्यों ने भाग लिया। गांव बाहिया निवासी बुधा देवी गैर हाजिर रही। अध्यक्ष पद के चार सदस्यों ने नामांकन पत्र भरा। बाद में एक सदस्य निर्मला देवी अपना नाम वापस ले लिया। प्रधान पद पर सरोज रानी, जयविजय और शालू नैन के लिए मतदान करवाया गया।
सरोज रानी को 17 मत और शालू नैन को पांच तथा जयविजय को तीन मत ही मिले। निर्वाचन अधिकारी ने अध्यक्ष पद पर सरोज रानी को 12 मतों से विजयी घोषित किया। उपाध्यक्ष पद के लिए चार सदस्यों ने नामांकन पत्र भरा। बाद में मनदीप व दौलत राम ने अपना नाम वापस ले लिया। खारियां के तेग बहादुर व बालासर के रामसरूप को लेकर मतदान हुआ। रामसरूप को 16 मत व तेगबहादुर को नौ मत मिले। निवार्चन अधिकारी ने भाजपा के रामसरूप को सात मतों से उपाध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित किया।
चुनाव शांति से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध कर रखे थे। सुरक्षा व्यवस्था ऐलनाबाद के उप पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने संभाल रखी थी। पंचायत समिति कार्यालय के आसपास ड्यूटी में शामिल व्यक्ति के अलावा किसी को भी फटकने नहीं दिया गया। चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई। नामांकन भरने, नामा वापस लेने की पूरी प्रक्रिया अपनाई गई और मतदान ईवीएम मशीन द्वारा करवाया गया। जनजागरण मंच समर्थित नवनिर्वाचित पंचायत समिति की अध्यक्ष सरोज रानी ने कहा कि यह जीत भाईचारे की जीत है। उन्होंने इस जीत को गरीब व आम आदमी से भी जोड़ा।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता गरीब को न्याय दिलाने और सरकारी योजनाओं का लाभ आम व गरीब आदमी तक पहुंचाने की होगी। नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष रामसरूप ने कहा कि उनकी जीत भाजपा पदाधिकारियों व सरकार की जीत है। उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा और बिना भेदभाव विकास किया जाएगा। गौरतलब हो कि समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव करवाने को लेकर जनजागरण मंच की ओर से तीन दिवसीय धरना तक दिया गया था।