हरियाणा के सिरसा में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा की गाड़ी पर पथराव मामले में सात माह बाद डीएसपी संजय सिंह को निलंबित कर दिया गया है। बहुचर्चित मामले में यह दूसरी कार्रवाई है। सुरक्षा में लापरवाही मानकर तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को घटना के अगले दिन ही निलंबित कर दिया गया था।
विगत 11 जुलाई को किसान संगठनों के प्रतिनिधि कृषि कानून रद्द करने की मांग को लेकर सिरसा बाईपास रोड पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के आगे विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। विश्वविद्यालय परिसर में भाजपा नेताओं द्वारा बैठक की जा रही थी। बैठक के बाद भाजपा नेताओं के वाहनों का काफिला बाहर निकला तो किसानों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान किसी ने भाजपा नेताओं के वाहनों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इनमें से कुछ पत्थर डिप्टी स्पीकर रणवीर गंगवा की गाड़ी के पिछले शीशे पर लगे और शीशा टूट गया। भाजपा नेताओं के वाहनों पर पत्थरबाजी का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था।
गाड़ी पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने पांच किसानों को गिरफ्तार किया था। उनकी रिहाई की मांग को लेकर अन्य किसानों ने बरनाला रोड पर महापड़ाव डाला दिया। इसमें संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत व अन्य किसान नेता भी शामिल हुए थे। मांग नहीं मानने पर बरनाला रोड पर दक्ष प्रजापति चौक पर किसान नेता बलदेव सिरसा ने आमरण अनशन शुरू कर दिया था। इसके बाद पुुलिस ने किसानों को रिहा कर दिया था।