संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नगर परिषद चुनावों के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया जारी है। अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए आवेदन 17 जनवरी तक लिए जाएंगे। आवेदन जमा करवाने से पहले सभी उम्मीदवारों को एक ही जगह पर सभी विभागों की एनओसी यानी अनापत्ति प्रमाण पत्र मुहैया करवाए जाएंगे। उन्हें अलग -अलग सरकारी विभागों के चक्कर नहीं काटने होंगे।
इससे उम्मीदवार समय रहते हुए अपने आवेदन फाॅर्म जमा करवा सकें, ताकि चुनाव लड़ने का कोई इच्छुक उम्मीदवार न रहे। रिटर्निंग अधिकारी नगर परिषद एवं एसडीएम राजेंद्र कुमार ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग की हिदायत अनुसार नगर परिषद सिरसा के कमरा नंबर 20 में एकल खिड़की सुविधा स्थापित की गई है। अध्यक्ष व पार्षद पद के लिए नामांकन करने वालों को एकल खिड़की सुविधा से ही अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी होंगे।
उन्होंने बताया कि एकल खिड़की सुविधा पर हरियाणा राज्य सहकारी बैंक सिरसा के कर्मचारी धर्मवीर गोदारा, बिजली विभाग से डाटा ऑपरेटर पुनीत व नगर परिषद से कनिष्ठ अभियंता शीतल रानी की डयूटी लगाई गई है।