सिरसा। रोड़ी गेट स्थित ट्रेड टावर की एक दुकान के संचालक को सामान बदलने के बहाने ठग ने 3.70 लाख रुपये की चपत लगा दी। दुकानदार सामान बदलने के लिए अंदर चला गया और ठग गल्ले से नकदी निकालकर फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी।
बांसल कॉलोनी निवासी रमेश कुमार पुत्र रामदित्ता ने शहर थाना सिरसा में दी शिकायत में बताया कि वह ट्रेड टावर की दुकान नंबर 48 में मेहता होजरी के नाम से दुकान का संचालन करता है। उसने बताया कि एक व्यक्ति उसकी दुकान पर पहले भी दो-तीन बार आया। शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे वह दुकान पर आया और उसने सामान बदलने का आग्रह किया। वह सामान लेने के लिए दुकान के अंदर चला गया और उक्त व्यक्ति ने गल्ले में रखे 3.70 लाख रुपये निकालकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पहले भी इस तरह के मामले आ चुके हैं सामने
दुकानदारों को झांसा देकर गल्ले से नकदी चोरी करने की वारदात में लगातार इजाफा हो रहा है। दुकानदारों को ऐसे मामलों के प्रति सतर्क होना होगा। ठगों की ओर से इन दिनों इस विधि से दुकानदारों को चपत लगाई जा रही है। ठगी का एक जैसा ही तरीका अपनाया जाता है। कहीं सामान लेने के बहाने और कहीं सामान बदलने के बहाने दुकानदार का ध्यान भटकाया जाता है। करीब चार दिन पहले ही एक खरीदार रुमाल लेने के बहाने दुकान पर गया तो गल्ले से करीब 60 हजार रुपये निकलकर फरार हो गया। जबकि वह सामान पैक करने का ऑर्डर भी देकर गया था।