सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से तंग आकर हिसार रोड स्थित वार्ड आठ की झंडी वाली गली के लोगों ने बुधवार दोपहर 11 बजे नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। सड़क पर एक तरफ पुरुष और दूसरी तरफ महिलाएं बैठ गई। जाम की सूचना मिलने पर सिविल लाइन एसएचओ अमित बैनिवाल ने मौके पर पहुंचकर वाहन चालकों को गलियों से निकलवाया।
करीब एक घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाए रखा। सीवरेज की सफाई के लिए सुपर सकर मशीन आने के बाद और जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन आरके शर्मा द्वारा एक दिन में पानी निकासी करवाने के आश्वासन के बाद लोगों ने करीब 12 बजे जाम खोला।
सड़क पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारी लोगों ने बताया कि झंडी वाली गली में बारिश के बाद से सीवरेज ओवरफ्लो हुए पड़े हैं। गलियों और खाली प्लाटों में जलभराव है। अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। मौके पर वार्ड आठ के पार्षद प्रतिनिधि राजू चाचा ने एसएचओ अमित बैनिवाल को बताया कि कॉलोनी के लोग पिछले दस दिन से सीवरेज ओवरफ्लो से परेशान हैं। एक सप्ताह पहले जेई गली में भी आया और मौका देखकर कह गया कि मैं फट्टी मारने वालों को भेजता हूं। लेकिन कर्मचारी नहीं आए। जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन को भी परसों वाट्स एप पर मैसेज किया कि गली के लोगों में रोष है, सफाई करवा दें। अन्यथा कॉलोनीवासी जाम लगाने की चेतावनी दे गए हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। बीते दिन भी एसडीओ को भी कहा कि मशीन भेजकर सीवरेज पानी की निकासी करवा दें। लेकिन विभागीय अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की।
जेई को कॉलोनी की गलियों में घुमाया
जाम के दौरान मौके पर पहुंचे एसएचओ अमित बैनिवाल ने एसएचओ ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन किया। इस पर जेई रोहताश मौके पर आए। लोगों की समस्या सुनने के बाद एसएचओ अमित बैनीवाल, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजू चाचा के साथ जेई रोहताश को लेकर गलियों में गए। लगभग आधा किलोमीटर घूमने के बाद पूरी कॉलोनी का हाल देखा।
एसएचओ बोले- आपकी करतूतों के कारण लगाया जाम
लोगों ने जब एसएचओ अमित बैनिवाल को गलियों में पानी जमा दिखाया तो एसएचओ ने भी जेई को खरी-खोटी सुनाई। एसएचओ ने कहा कि आपके विभाग की करतूतों के कारण ही लोगों ने जाम लगाया है। एसएचओ ने जेई रोहताश को कहा कि मशीन लगवाकर पानी क्यों नहीं निकालते। तब रोहताश ने कहा कि मशीन का पंप खराब है। एसएचओ ने कहा कि जब बड़ी बड़ी महंगी गाड़ियां शहर में ठीक हो जाती हैं तो आपके विभाग की मशीन शहर में ठीक क्यों नहीं हो सकती। सुपर सकर मशीन को बुलाओ और कालोनी से पानी की निकासी करवाओ। जेई ने अधिकारियों से मशीन भिजवाने का अनुरोध किया तो एसएचओ ने खुद उसका फोन लेकर लोगों की समस्या अधिकारियों के सामने रखी।
एक्सईएन ने मांगा एक दिन का समय
जाम की सूचना मिलने पर भाजपा नेता गोकुल सेतिया भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि उनकी मांग जायज है। प्रशासन को इसका समाधान करना चाहिए। इसके बाद करीब 12 बजे जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन आरके शर्मा पहुंचे। शर्मा ने कॉलोनीवासियों को कहा कि बुधवार रात 12 बजे तक कालोनी का सारा गंदा पानी निकलवा दिया जाएगा। हालांकि कुछ लोग अधिकारियों के इस आश्वासन को मीठी गोली कहकर रोष जताते रहे। लेकिन इसी बीच सीवरेज सफाई के लिए सुपर सकर मशीन भी आ गई। तब एक्सईएन, एसएचओ और भाजपा नेता के अनुरोध के बाद कॉलोनीवासी मान गए और जाम खोल दिया।