सिरसा। राजकीय तकनीकी संस्थानों में पहली सीट अलॉटमेंट के बाद रिक्त पड़ी 523 सीटों पर चल रही दूसरी काउंसिलिंग में विद्यार्थी भाग लेंगे। 14 सितंबर तक चलने वाली काउंसिलिंग में आवेदन कर चुके विद्यार्थी ही भाग ले सकेंगे। साथ ही पहली सीट अलॉटमेंट सूची में आने वाले विद्यार्थी जिन्होंने सीट कन्फर्म नहीं करवाई वह भी इसमें भाग ले सकेंगे।
जिले के तीन राजकीय तकनीकी संस्थानों में रिक्त पड़ी 523 सीटों को दूसरी काउंसिलिंग के लिए खोल गया है। यह 14 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान विद्यार्थी अपना मनपसंद कॉलेज व ट्रेड का चुनाव करेगा। इसी के साथ पहली सीट अलाटमेंट सूची में अगर विद्यार्थियों को पसंदीदा कॉलेज नहीं मिला और टोकन राशि जमा नहीं करवाई, वह दूसरी काउंसिलिंग में भाग ले सकेंगे। काउंसलिंग में पसंदीदा कॉलेज व ट्रेड का चयन कर सकेंगे। दूसरी सीट अलॉटमेंट सूची 16 सितंबर को जारी होगी।
बता दें कि जिले के तीन राजकीय तकनीकी संस्थानों में चल रहे दाखिला प्रक्रिया में पहली सीट अलॉटमेंट सूची में 570 विद्यार्थियों का नाम आया था, जिनमे से 497 विद्यार्थियों ने टोकन राशि भर सीट कंफर्म की है।
सीट कंफर्म ना करने वाले विद्यार्थियों को भी मिलेगा मौका
राजकीय तकनीकी संस्थानों में 1117 विद्यार्थियों ने 1020 सीटों पर आवेदन किया था। पहली सीट अलॉटमेंट सूची में 570 विद्यार्थियों को मौका दिया गया, जिसमें से 497 विद्यार्थियों ने टोकन फीस जमा कर सीट कंफर्म की। ऐसे में पहली सूची के 73 विद्यार्थी भी दूसरी काउंसिलिंग में भाग लेकर कॉलेज व ट्रेड का चयन दोबारा से कर सकेंगे। उन्हें दूसरी सीट अलॉटमेंट सूची में भी शामिल किया जाएगा।
संस्थान, सीटें, आवेदन, पहले सूची में सीट कंफर्म, रिक्त सीटें
राजकीय तकनीकी संस्थान, सिरसा, 360, 423 ,176, 184
राजकीय महिला तकनीकी संस्थान, सिरसा, 300, 376, 206, 94
राजकीय तकनीकी संस्थान, चोपटा, 360, 318, 115, 245
दूसरी काउंसिलिंग में विद्यार्थी 14 सितंबर तक कॉलेज व ट्रेड का चयन कर सकेंगे, जिसके बाद 16 सितंबर को दूसरी सीट अलॉटमेंट सूची जारी होगी। पहली सूची में आने वाले विद्यार्थी भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
-एसके शर्मा, प्राचार्य राजकीय महिला तकनीकी संस्थान सिरसा।