नशा तस्करी को लेकर घरों की जांच करते हुए पुलिस टीम। पुलिस
सुबह में चले कॉम्बिंग ऑपरेशन से अपराधियों में मची खलबली
फोटो -14
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत थाना ओढ़ां पुलिस, सीआईए डबवाली, सीआईए कालांवाली, स्वैट और डॉग स्क्वाॅयड ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को गांव जंडवाला जाटान में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। अचानक हुई कार्रवाई से नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों में खलबली मच गई।
सुबह-सुबह शुरू हुए इस अभियान में पुलिस टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने सुनसान इलाकों और संभावित ठिकानों की गहन जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की।
अभियान के दौरान पुलिस की सभी टीमों ने सतर्कता के साथ कार्रवाई की और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
एसपी जसलीन कौर ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 या नजदीकी थाना/चौकी पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।