संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। माहेश्वरी चैरिटी ट्रस्ट के बहुप्रतीक्षित चुनाव वीरवार को रानियां रोड स्थित माहेश्वरी भवन में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। चुनाव में माहेश्वरी सभा के प्रादेशिक संगठन मंत्री आनंद बियानी तथा ट्रस्ट के निवर्तमान अध्यक्ष कमलेश पप्पू राठी समर्थित पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की।
प्रधान पद के लिए हुए मुकाबले में अजय राठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नकुल मोहंता को 37 मतों से हराया। अजय राठी को 155 मत मिले जबकि नकुल मोहंता के पक्ष में 118 मत पड़े। सचिव पद पर संजय बागड़ी ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 169 मत हासिल किए और अपने प्रतिद्वंद्वी नवल मुंदड़ा को 68 मतों के अंतर से पराजित किया। नवल मुंदड़ा को 101 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष के दो पदों पर पदम बियानी और त्रिलोक राठी विजयी रहे। पदम बियानी को सर्वाधिक 176 मत मिले जबकि त्रिलोक राठी ने 108 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजकुमार मुंदड़ा को 107 मत मिले। सहसचिव पद के लिए राजीव चांडक और प्रवीण चांडक निर्वाचित हुए। राजीव चांडक को 164 तथा प्रवीण चांडक को 163 मत मिले। विपक्षी प्रत्याशी राजीव मालपानी को 89 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष और सहसचिव के दूसरे पद पर विपक्ष ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। कोषाध्यक्ष पद पर मुकेश मंत्री पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके थे। चुनाव प्रक्रिया बहादुरगढ़ से आए पर्यवेक्षक सतीश माहेश्वरी की निगरानी में पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी महेश राठी, डॉ. जी.एस. सोमानी और पुरुषोत्तम मंत्री ने पूरी प्रक्रिया का सफल संचालन किया।
वहीं, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग, नरेश जिंदल, अमित गाबा और विनोद ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों का समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया, मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।