उदासीन संत बाबा भूमणशाह का 268वें महा-परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित महा समागम का मुख्य डेरा बाबा भूमणशाह ग्राम बाबा भूमणशाह में शनिवार को यज्ञ के साथ शुभारंभ हो गया।
इस यज्ञ में डेरे के गद्दीनशीन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज के साथ साथ अनेक श्रद्धालुओं ने भी आहुति डाली और मानवता के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
महा-परिनिर्वाण दिवस को लेकर महासमागम में होने विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए श्रद्धालु बाबा भूमणशाह के जयकारों व दंडव्रत प्रणाम करते हुए पहुंचने लगे और डेरे में सेवा कार्य में लगे हुए है।
डेरे में स्थित पूजा स्तंभ पर शनिवार को दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और वातावरण भक्तिमय रहा। श्रद्धा, आस्था व विश्वास के साथ बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं व पुरुष सर्दी की परवाह किए बिना श्रद्धा भाव से जयकारे लगाते हुए मुख्य डेरा बाबा भूमणशाह पहुंचकर आशीर्वाद ले रहे हैं।
महा समागम के लिए मुख्य डेरा बाबा भूमणशाह को भव्य रूप से सजाया गया है। डेरे के सेवक सचिव विनोद एडवोकेट ने बताया कि डेरे में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लंगर सेवा, चिकित्सा सेवा, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, रहने-ठहरने व आपकालीन सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
डिंग थाना पुलिस की ओर से तीन दिवसीय मेले के लिए सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज की ओर से सिरसा बस स्टेंड से बस सेवा मुख्य डेरा बाबा भूमणशाह के लिए उपलब्ध है।
27 दिसंबर को रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर व शबद कीर्तन का शुभारंभ गद्दीनशीन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज करेंगे।