सिरसा। नियम 134-ए के तहत विद्यार्थी और अभिभावक दाखिले के लिए निजी स्कूलों के चक्कर काट रहे हैं। अब जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को दाखिला न मिलने पर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। अब इन्हें दाखिला न देने वाले स्कूलों को नोटिस भेजकर शिक्षा अधिकारी को जवाब देना होगा। निजी स्कूलों में दाखिले के लिए 15 जनवरी अंतिम तिथि है।
नियम 134-ए के तहत निजी स्कूलों में दाखिला के लिए शिक्षा विभाग ने तीसरी बार तारीख बढ़ा दी है। अब नियम के तहत विद्यार्थी 15 जनवरी तक निजी विद्यालयों में दाखिला ले सकते हैं। वहीं बच्चों के दाखिला पेंडिंग पड़े हैं। शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिदिन अभिभावकों की शिकायतें आ रही थी कि स्कूलों द्वारा बच्चों के दाखिले नहीं किए जा रहे हैं। जिस पर विभाग ने संज्ञान लेते हुए सभी बीईओ को कारण बताओ नोटिस भेजे हैं। बीईओ अपने स्तर पर निजी स्कूलों को नोटिस भेजेंगे। 16 जनवरी को स्कूल संचालकों को जवाब देना होगा।
विद्यार्थियों की पसंद का स्कूल न मिलने पर अपडेट नहीं हो रहे दाखिला
शिक्षा विभाग अधिकारियों का कहना है कि उनके पास ऐसे मामले भी आ रहे हैं। इनमें विद्यार्थी चिह्नित स्कूल में दाखिला नहीं लेना चाहते है। बुधवार को आए एक मामले का जिक्र करते हुए विभाग अधिकारी ने बताया कि अभिभावक जब शिकायत करने आए तो विद्यार्थी व अभिभावक से कारण पूछा गया। विद्यार्थियों ने बताया कि वह उस स्कूल में नहीं जाना चाहता है। वह अपने पुराने वाले स्कूल में ही दाखिला लेना चाहता है।
विभाग द्वारा गठित की गई टीम
शिक्षा विभाग द्वारा 134ए के तहत विद्यार्थियों को दाखिला दिलवाने के लिए टीम भी गठित की गई है। विभाग की यह विद्यार्थियों व निजी स्कूलों से संपर्क साध रही है। इसके तहत लगातार टीम निजी स्कूलों व अभिभावकों के नजदीक है। वहीं टीम उन अभिभावकों से संपर्क साध रही है, जिनके विद्यार्थी का दाखिला नियम के तहत नहीं हुआ है। टीम रिपोर्ट बनाकर डीईओ को सौंपेगी।
नियम 134ए के तहत अब दाखिला चल रहे हैं, जो दाखिला पेंडिंग है, उसके लिए संबंधित बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। ये नोटिस बीईओ अपने स्तर पर निजी स्कूलों को भेजेंगे। नोटिस का जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। नियम के तहत 15 जनवरी तक विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।
- अमित मनहर, अतिरिक्त नोडल अधिकारी 134ए