सिरसा। बिना फिटनेस, कंडम और बिना टैक्स अदा किए रोड पर चलने वाली स्कूल बसों पर आरटीए विभाग अब एक्शन के मूड में है। विभाग उन सभी स्कूल बसों का दोबारा से डाटा तैयार करेगा और उनको नोटिस भेजा जाएगा। वहीं आरटीए के पास अब तक 1300 के लगभग स्कूल बसों का रिकॉर्ड दर्ज है। इनमें से कई बसें कंडम हो चुकी है और कई बस चालकों की ओर से उसका टैक्स भी अदा नहीं किया जा रहा।
आरटीए विभाग की ओर से हर रोज स्कूल बसों व अन्य वाहनों की चेकिंग की जाती है। इस दौरान अगर कोई भी स्कूल बस कंडम और बिना फिटनेस के रोड पर दौड़ती हैं तो उसका चालान भी किया जाता है। कई स्कूल संचालकों की ओर से पुरानी बसों को बेच दिया जाता है लेकिन उसके दस्तावेजों को दुरुस्त नहीं करवाया जाता। जिसके चलते विभाग के पास भी उन बसों के रोड पर चलने व न चलने को लेकर जानकारी नहीं पहुंच पाती। ऐसे में अब विभाग की ओर से सभी बसों को रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसमें बिना टैक्स अदा किए दौड़ने वाली बसें, बिना फिटनेस, स्कूल संबंधित जानकारी और अन्य नियमों की उल्लंघन करने वालों को नोटिस जारी किया जाएगा।
सीसीटीवी न सेफ्टी, स्कूली वाहन हैं अनफिट
जिले में करीब 300 स्कूलों की आरटीए विभाग के पास 1300 बसों का रिकॉर्ड दर्ज है। इनमें से कई बसें कंडम हो चुकी हैं और कई बसें स्कूल संचालकों की ओर से बेची भी जा चुकी हैं। लेकिन दस्तावेजों संबंधित रिकॉर्ड सही न किए जाने पर इन बसों को रिकॉर्ड से हटवाया भी नहीं गया। विभाग अधिकारियों के अनुसार जिले में 740 स्कूल बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं, लेकिन इनमें से 30 फीसदी बसें लंबे समय से विभाग के पास फिटनेस के लिए नहीं पहुंची हैं। जांच न करवाने पहुंचने वाली स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे, फस्ट एंड बॉक्स, आग बुझाने के यंत्र, इमरजेंसी खिड़की, स्कूल का नाम, चालक का नंबर आदि की जानकारी दर्ज नहीं है। नियमों का उल्लंघन होने पर इन बसों में सवार नौनिहालों के साथ कोई भी हादसा हो सकता है।
स्कूल बसों के रिकॉर्ड को दोबारा से तैयार करवाने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। सभी स्कूल बसों के फिटनेस, टैक्स अदा न करने सहित अन्य पूरी लिस्ट तैयार की जाएगी और स्कूलों को नोटिस भेजा जाएगा। स्कूल बसों की चेकिंग करने का कार्य निरंतर जारी है। - हीरा सिंह, आरटीओ, सिरसा