सिरसा। रोडवेज बसों से जुड़े बढ़ते हादसों पर विभागीय मुख्यालय गंभीर हो गया है। लगातार होने वाली दुर्घटनाओं के पीछे वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मुख्यालय ने सिरसा रोडवेज प्रबंधन से उन डेंजर प्वाइंट्स की सटीक लोकेशन और आंकड़े मांगे हैं, जहां हादसे अधिक हो रहे हैं। आदेश जारी होने के बाद सिरसा और डबवाली डिपो के शहरी क्षेत्र से 17 लोकेशन चयनित कर मुख्यालय को भेजी गई हैं।
इन सभी स्थानों पर मुख्यालय स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की फुटेज के आधार पर दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का विश्लेषण किया जाएगा। मुख्यालय का उद्देश्य इन घटनाओं की सत्यता समझना और यह जानना है कि आखिर गलती किसकी ओर से होती है और भविष्य में ऐसे हादसों को कैसे रोका जा सकता है।
सिरसा व डबवाली डिपो के अंतर्गत आने वाले बस स्टैंड रानियां, ऐलनाबाद, चोपटा, कालांवाली, ओढ़ा और मल्लेकां की ओर से भी संभावित डेंजर प्वाइंट्स की जानकारी मांगी गई थी। सभी स्थानों से प्राप्त रिपोर्टों का अध्ययन कर 17 प्रमुख लोकेशन चिन्हित की गई हैं, जिनमें चौक-चौराहों के साथ-साथ मुख्य सड़कों से जुड़े मार्ग भी शामिल हैं।
रोडवेज कर्मचारियों पर बढ़ रहे मामले
रोडवेज बस के कारण हादसों की संख्या बढ़ती जा रही हैं। कई मामले सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। घटनास्थल पर हादसा होने के बाद रोडवेज कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले भी सामने आए हैं। भले ही रोडवेज बस की गलती हो या न होए इसलिए डेंजर प्वाइंटों की लोकेशन पर सीसीटीवी लगाने की योजना है कि आखिरकार कौन इन हादसों में दोषी होता है। उसकी जांच हो सके और कार्रवाई की जा सके। क्योंकि लंबे समय से रोडवेज बस चालकों पर पुलिस के मामले बढ़ते जा रहे हैं।
जिले में इन प्वाइंटों को किया शामिल
सिरसा :
बीआर आंबेडकर चौक
सांगवान चौक
सिरसा क्लब कट
नागरिक अस्पताल प्वाइंट
आईटीआई रानियां चुंगी
महाराणा प्रताप चौक
गोल डिग्गी चौक से शाह सतनाम सिंह चौक
-
डबवाली :
गोल चौक
सरकारी अस्पताल कट
-
रानियां :
सोसायटी चौक
कालांवाली :
कैंची चौक
-
ऐलनाबाद :
डाॅ. बीआर आंबेडकर चौक
पंचमुखी चौक
यहां नहीं है हादसे के प्वाइंट
चोपटा, मल्लेकां व ओढां में हादसों का प्वाइंट नहीं है।
वर्जन : मुख्यालय की ओर से पत्राचार हुआ था, जिसके अनुसार सिरसा व डबवाली डिपो प्रबंधन की ओर से मुख्य हादसों के प्वाइंटों की लोकेशन व नाम सहित डिटेल मांगी गई है। लोकेशन व अन्य जानकारी मुख्यालय भेज दी गई है। इन प्वाइंटों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। अनित कुमार, जीएम, रोडवेज, सिरसा।