सिरसा। जिला आयोजन समिति के गठन के लिए जिला प्रशासन ने 12 दिसंबर को सुबह 10ः30 बजे चुनाव प्रक्रिया आयोजित करने का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। जिले के लिए कुल 25 सदस्यीय समिति का गठन किया जाना है। इसमें से पांच सदस्यों को सरकार की ओर से नामित किया जाएगा, जबकि शेष 20 सदस्यों का चुनाव किया जाएगा।
इन 20 सदस्यों में 15 सदस्य जिला परिषद से और पांच सदस्य नगर परिषद व नगरपालिकाओं से चुने जाएंगे। अतिरिक्त उपायुक्त एवं मुख्य योजना तथा विकास अधिकारी वीरेंद्र सहरावत ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद के सदस्यों के लिए मतदान प्रक्रिया 12 दिसंबर को पंचायत भवन सिरसा में आयोजित होगी।
इसमें उपस्थित दर्ज करवाने का समय सुबह 10ः30 बजे से 11ः00 बजे तक तय किया गया है। इसके बाद 11ः00 बजे से 11ः30 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 11ः30 बजे से 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार अपने नाम दोपहर 12ः00 बजे से 12ः30 बजे तक वापस ले सकेंगे। मतदान 12ः30 बजे से 1ः00 बजे तक होगा और मतगणना व परिणाम घोषणा 1ः00 बजे से 1ः30 बजे के बीच की जाएगी।
नगर परिषद और नगरपालिकाओं से चुने जाने वाले पांच सदस्यों के लिए भी इसी दिन पंचायत भवन में दोपहर बाद चुनाव प्रक्रिया आयोजित होगी। इसमें उपस्थिति दर्ज कराने का समय 2ः30 बजे से 3ः00 बजे तक, नामांकन 3ः00 बजे से 3ः30 बजे तक और स्क्रूटनी 3ः30 बजे से 4ः00 बजे तक की जाएगी। नाम वापसी 4ः00 बजे से 4ः30 बजे तक तय की गई है, जबकि मतदान 4ः30 बजे से 5ः00 बजे तक होगा। चुनाव परिणाम उसी दिन शाम 5ः00 बजे से 5ः30 बजे के बीच घोषित कर दिए जाएंगे।