सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाते लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन ओमकार सिंह और विभाग के एसडीओ हरविंदर
कालांवाली। लोक निर्माण विभाग ने पंजाब में गांव रामां से लेकर फुल्लोखारी और कनकवाल तक 6.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इससे पंजाब के रामां, कनकवाल, फुल्लोखारी जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ हरियाणा के देसूमलकाना, नौरंग, तिगड़ी, हस्सू, चट्ठा, कालांवाली जैसे अन्य इलाकों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
साथ में रामां और बठिंडा की ओर आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुगमता मिलेगी। इस सड़क पर एचपीसीएल एलपीजी बॉटलिंग प्लांट भी स्थित है। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन ओमकार सिंह और विभाग के एसडीओ हरविंदर सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य आरंभ हो चुका है और इसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त नौरंग चैक से हरियाणा-पंजाब बॉर्डर तक की लगभग 0.7 किलोमीटर लंबी सड़क का भी पुनर्निर्माण किया जा रहा है। इसे 18 फीट से 23 फीट चौड़ा किया जा रहा है, जिससे हरियाणा से पंजाब में प्रवेश करने वाले वाहनों को सुगम यातायात मिलेगा और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बायोएथेनॉल प्लांट की ओर जाने वाली सड़क के 2.91 किलोमीटर हिस्से का भी निर्माण कार्य किया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद रिफाइनरी के आस-पास स्थित सभी गांवों के लोगों को सुरक्षित, सुगम और तेज आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
गांव कनकवाल के सरपंच जसविंदर सिंह और गांव फुल्लोखारी की सरपंच सुखदीप कौर ने इस निर्माण कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क की जर्जर हालत के कारण ग्रामीणों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब सड़क बनने से लोगों को अपने दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में अत्यधिक सुविधा होगी और कालांवाली पहुंचने में समय की भी बचत होगी।