सिरसा सीट से हार का सामना करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने अपनी हार के लिए भितरघात को जिम्मेदार ठहराया है। मतगणना केंद्र में इनेलो प्रत्याशी से काफी वोटों से पिछड़ जाने के बाद अशोक तंवर ने अपनी हार स्वीकार की और कहा कि पूरे प्रदेश में जबरदस्त भितरघात देखने को मिला है।
उन्होंने कांडा बंधुओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि कुछ नेता जिन्होंने सरकार में रहकर गलत तरीके से रुपया कमाया और इस रुपये को चुनावों में बतौर सट्टा के रूप में लगाया। उन्होंने माना कि स्थानीय नेताओं की गुटबाजी भी हार के लिए किसी हद तक जिम्मेदार है। प्रदेश की 9 सीटों पर मिली हार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष तंवर ने इसे दस सालों से कांग्रेस सरकार के विरोध में लहर व अफसरशाही को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा दुर्भाग्य है कि अवसरवादी नेता चुनाव जीत कर आ रहे हैं। मोदी की लहर के बारे में तंवर ने कहा कि मोदी की कोई लहर नहीं है अगर होती तो सिरसा सीट पर क्यों नहीं दिखाई दी। यहां पर बीजेपी-हजकां उम्मीदवार तीसरे-चौथे नंबर की लड़ाई लड़ रहा था।
तंवर ने साफ तौर पर कहा कि अफसरोें ने सरकार की योजनाओं को अमलीजामा नहीं पहनाया। मुख्यमंत्री की घोषणा व रुपया आने के बावजूद नेजाडेलां से मल्लेवाला तक सड़क निर्माण नहीं करवाया गया। मुख्यमंत्री को अफसर शाही पर लगाम लगानी होगी।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने मतगणना केंद्र से जाते समय सभी को राम-राम की और वहां मौजूद स्थानीय नेताओं से कहा कि संगठन को कमजोर व भितरघात करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी और आगामी विधानसभा चुनाव में ये लोग टिकट का सपना देखना छोड़ ही दें।
चरणजीत की जीत दुर्भाग्यपूर्ण
हार के बाद कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर ने कहा कि इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह की जीत सिरसावासियों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। जो व्यक्ति एमएलए बनकर विधानसभा में एक बार भी जनता की आवाज नहीं उठा सका वो संसद में क्षेत्र की जानता के मुद्दे व उनकी आवाज क्या उठाएगा?
आप जितवा नहीं सके
मतगणना केंद्र से बाहर निकलकर हार से मायूस अशोक तंवर ने स्थानीय नेताओं से कहा कि ‘आपके कहने पर ही मैं सिरसा आया था, मगर आप जितवा नहीं सके। आपमें कुछ कमियां रही जिसका खामियाजा उठाना पड़ा। तंवर की यह बात सुनकर विस चुनाव में टिकट के चाहवान होशियारी लाल शर्मा, भूपेश मेहता, नवीन केडिया, डा.केवी सिंह सहित अन्य नेता सन्न रह गए। तंवर ने कहा यह सब मैं आपकों नहीं कह रहा शर्मा जी, सभी को कह रहा हूं। कार्रवाई जरूर होगी।
डॉ. सिंह बोले अच्छा जनाब
सिरसा के कांग्रेसी नेताओं पर अपनी नाराजगी जाहिर करने के बाद जब अशोक तंवर अपनी गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो मुख्यमंत्री के ओएसडी मीडिया डॉ.केवी सिंह ने अशोक तंवर से कहा ‘अच्छा जनाब...’
शहरी क्षेत्र में कांग्रेस हुई कमजोर
तंवर ने कहा कि चुनाव परिणामों से पता चला है कि शहरी क्षेत्रोें में कांग्रेस को काफी नुकसान हुआ है। विस चुनाव से पहले कांग्रेस इसकी भरपाई कर लेगी। उन्होंने कहा कि लोस चुनाव में इनेलो कभी सीधी फाइट में नहीं थी। अंत में उन्होंने प्रदेश की जनता से दल बदलू व अवसरवादी नेताओं को वोट नहीं देने की अपील की।