सिरसा। जिले के गांव नहराणा और आसपास के गांवों में अब रोडवेज बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया गया है। इससे ग्रामीणों, काम-काज से जुड़े लोगों और विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि इस सेवा की मांग पहले भी कई बार की गई थी, जो अब पूरी हुई है।
रोडवेज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पहले इस मार्ग पर बस सेवा चल रही थी लेकिन इससे आगे के करीब दो गांव के लोग वंचित रह जाते थे। विभाग ने शनिवार से बस का संचालन माखोसिरानी गांव से न होकर नहराणा गांव से शुरू कर दिया है। बस प्रतिदिन नहराणा से 8 बजे चलेगी और लगभग 9 बजे सिरसा पहुंचेगी।
ग्रामीणों ने बताया कि शक्कर मंदोरी और पीली मंदोरी सहित आसपास के कई गांवों में पहले कोई बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। रूपाना और नहराणा से फतेहाबाद डिपो की बस ही चल रही थी जिससे सिरसा शहर आने-जाने के लिए विद्यार्थी और ग्रामीण काफी परेशान रहते थे। कई बच्चे पढ़ाई बीच में छोड़ने तक मजबूर हो जाते थे जबकि ग्रामीणों को निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता था जो महंगा पड़ता था। अब इस नई बस सेवा से नहराणा, शक्कर मंदोरी, पीली मंदोरी और रूपाना के ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। रोडवेज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगे भी सेवा को निरंतर और बेहतर बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।