सिरसा। गांव बड़ागुढ़ा की रहने वाली सोनी रानी आज ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। सीमित संसाधनों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर अपने पैरों पर खड़े होने का साहसिक कदम उठाया। सोनी रानी ने गांव में एक छोटी मनियारी की दुकान खोल रखी है और साथ ही घर पर बैठकर चूड़ियां बनाने का कार्य भी कर रही हैं।
सोनी रानी पिछले करीब डेढ़ वर्ष से इस कार्य से जुड़ी हुई हैं। शुरुआत में सीमित पूंजी और बाजार की जानकारी के अभाव में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। धीरे-धीरे उन्होंने ग्राहकों की पसंद को समझा, नए और आकर्षक डिजाइन की चूड़ियां बनानी शुरू की तथा अपनी दुकान में मनियारी के सामान की विविधता भी बढ़ाई। इसका सकारात्मक परिणाम यह हुआ कि उनकी दुकान पर ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी और व्यवसाय ने गति पकड़ ली।
छह बार ले चुकीं ऋण :
आर्थिक सहयोग के लिए सोनी रानी ने हरियाणा ग्रामीण आजीविका मिशन का सहारा लिया। मिशन के अंतर्गत वे अब तक छह बार ऋण ले चुकी हैं। इस ऋण राशि का उपयोग उन्होंने दुकान में सामान बढ़ाने, चुड़ियां बनाने के लिए कच्चा माल खरीदने और आवश्यक उपकरण जुटाने में किया। समय पर ऋण चुकाने और कार्य को सही दिशा में आगे बढ़ाने के कारण उन्हें बार-बार ऋण लेने में भी सुविधा मिली। सोनी रानी का कहना है कि यदि यह सहयोग न मिलता, तो व्यवसाय शुरू करना और उसे आगे बढ़ाना उनके लिए बेहद मुश्किल होता।